बंगाल में हिंसा का दौर जारी, भाजपा व टीएमसी के कई कार्यकर्ता जख्मी
Violence in Bengal. पश्चिम बंगाल में हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
दार्जिलिंग, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुर्शिदाबाद में चार लोगों की हत्या की घटना 24 घंटे के भीतर हुगली, नदिया, उत्तर 24 परगना आदि जिलों में तृणमूल कांग्रेस तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की घटनाएं घटी है। इन घटनाओं में दोनों पार्टियों की ओर से कई कार्यकर्ता जख्मी हो गए। इनमें से कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही पार्टियों की तरफ से एक दूसरे पर हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
मुर्शिदाबाद व हुगली जिलों में चार लोगों की हत्या कर दी गई। लोकसभा चुनाव से पहले पंचायत प्रधान एवं तृणमूल नेता की हत्या के बाद से सियासी खुरेंजी की आग में सुलग रहा मुर्शिदाबाद का डोमकल एक बार फिर गोलीबारी और बमबाजी से दहल उठा। बदमाशों ने एक मकान पर धावा बोलकर तीन लोगों की हत्या कर दी। हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतकों को तृणमूल ने अपना पार्टी कार्यकर्ता बताया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। तनाव के मद्देनजर गांव में भारी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला तृणमूल नेतृत्व व स्थानीय विधायक अबू ताहेर का आरोप है कि कांग्रेस और भाजपा आश्रित बदमाशों को घटना को अंजाम दिया है।
गौरतलब है कि डोमकल के कुचियामारा के अंतर्गत हलसानापाड़ा निवासी अलताफ शेख पंचायत प्रधान था। पंचायत चुनाव से पहले वह माकपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गया था। लोकसभा चुनाव से पहले गत 18 मार्च को अलताफ की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं। सूत्रों के अनुसार, शनिवार प्रात: करीब साढ़े चार बजे कुचियामारा गांव में मृतक अलताव के घर पर कुछ बदमाशों ने हमला बोल दिया। परिवार के सदस्यों को निशाना बनाकर बमबाजी और फायरिंग की गई। गोली लगने से अलताफ के बेटे सोहेल राणा, बड़े भाई खैरुद्दीन मंडल और पड़ोसी रहीदुल शेख की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख गांववालों का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने पुलिस को गांव में नहीं घुसने दिया। इसके बाद भारी तादाद में पहुंचे पुलिस बल ने किसी तरह शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल को मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। तृणमूल नेता अबू ताहेर ने कांग्रेस और भाजपा समर्थित बदमाशों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है, जबकि तृणमूल नेता सौमिक हुसैन ने माकपा से भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने आरोपों को खारिज किया है। माकपा और भाजपा ने भी तृणमूल के आरोप को बेबुनियाद करार दिया है।
वहीं दूसरी तरफ हुगली जिले के खानाकुल में तृणमूल नेता की हत्या कर दी गई। मृतक का नाम मनोरंजन पाल है। वह खानाकुल पंचायत समिति-2 का सदस्य था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तृणमूल ने घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि भाजपा ने आरोप को नकारा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार को मनोरंजन का शव स्थानीय तृणमूल पार्टी कार्यालय के पास खेत में पड़ा था। शव पर खून के धब्बे थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूत्रों के अनुसार, मनोरंजन कई दिनों से लापता था। तृणमूल का आरोप है कि मनोरंजन की हत्या में भाजपा का हाथ है। उनके गुंडों ने ही उसकी हत्या की है। हालांकि पार्टी ने उक्त आरोप को इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप