बच्चा चोरी के अफवाह में लोगों ने महिला को निर्वस्त्र कर पीटा
जलपाईगुड़ी जिले में धुपगुड़ी के बारोघरिया ग्राम पंचायत इलाके में मंगलवार को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने एक महिला को निर्वस्त्र कर पीटा।
धुपगुड़ी, संवादसूत्र। जलपाईगुड़ी जिले में धुपगुड़ी के बारोघरिया ग्राम पंचायत इलाके में मंगलवार को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने एक महिला को निर्वस्त्र कर पीटा। पुलिस ने मामले में भाजपा नेत्रा तारामनी राय समेत कई के खिलाफ प्रथामिकी दर्ज कर ली है। पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक अमिताभ माइति ने कहा कि पुलिस ने शिकायत दर्ज की है। शीघ्र ही आरापियों को पकड़ा जाएगा। उधर, आरोपी भाजपा नेत्री तारामणी राय ने कहा कि घटना की सूचना पर वह महिला को बचाने गई थी। भाजपा जिलाध्यक्ष देवाशिष चक्रवर्ती ने कहा कि आरोप गलत है। तारामणी राय ने मारपीट नहीं की है। वायरल वीडियो गलत है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम एक महिला को संदिग्ध स्थिति में स्थानीय लोगों ने इलाके में इधर उधर घूमते देखा। ग्रामीणों ने महिला को पकड़कर पूछताछ की। इस दौरान कुछ आक्रोशित लोगों ने महिला को निर्वस्त्र कर पिटाई शुरू कर दी। इस क्रम में महिला के पीठ, सर, छाती में काफी चोटें आई। महिला खुन से लथपथ हो गई।
घटना की खबर मिलते ही धुपगुड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को लोगों के बीच से सुरक्षित बचाकर अस्पताल ले गई। महिला की पहचान हुगली जिले की बालागर थाना के सालानपुर गांव की सुस्मिता बक्शी के रूप में हुई है। उसका धुपगुड़ी अस्पताल में इलाज किया गया। उसके सर पर पांच टांके पड़े हैं। वहीं घटना को लेकर राजनीतिक शुरू हो गई है।
इधर धुपगुड़ी थाना पुलिस ने भाजपा जिला सभानेत्री तारामनी राय सहित कई लोगों के खिलाफ पांच धाराओं में शिकायत दर्ज कर छानबीन कर रही है। तृणमूल व माकपा ने घटना की कड़ी निंदा की है। इससे पहले मालदा जिले में भी बच्चा चोरी के अफवाह में लोगों द्वारा एक व्यक्ति की पिटाई की घटना घट चुकी है।