शहर में लिट्ल मैग्जीन मेला की तैयारी
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी साहित्य व साहित्यकारों के कल्याण हेतु शहर में एक नई संस्था
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : साहित्य व साहित्यकारों के कल्याण हेतु शहर में एक नई संस्था 'उत्तर बंग साहित्य अकादमी' गठित की गई है। इस संस्था की ओर से आगामी 20 से 21 मार्च तक सिलीगुड़ी में 'लिट्ल मैग्जीन मेला' का आयोजन किया गया है। खूब संभवत: यह मेला अरुणोदय संघ के मैदान में आयोजित होगा। आयोजक संस्था के सचिव तन्मय बसाक ने शनिवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर यह जानकारी दी। बताया कि उत्तर बंगाल की विभिन्न भाषाओं के साहित्य व साहित्यकारों, कवि, लेखक, लोक साहित्य, लोक कला व अन्य कला से जुड़े लोगों को एक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ही उक्त संस्था का गठन किया गया है। इसके गठन के साथ ही पहला कार्य सिलीगुड़ी में 'लिट्ल मैग्जीन मेला' यानी लघु पत्रिकाओं का मेला होने जा रहा है। अलग-अलग वर्षो में यह मेला पूरे उत्तर बंगाल के सभी आठ जिलों में अलग-अलग जगहों पर आयोजित किए जाएंगे। हमारे पहले मेले के लिए अभी तक 100 स्टॉल लगने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इस संस्था का उद्देश्य उत्तर बंगाल की विभिन्न भाषाओं व उसके साहित्य के बीच सेतु बनना है। साहित्य व साहित्यकारों को नया मंच प्रदान करना, उनका सहयोगी बनना, उनकी सहायता करना, साहित्य प्रकाशन करना, पुस्तकालय निर्माण, युवा साहित्यकारों को प्रोत्साहन, वरिष्ठ साहित्यकारों को सम्मान आदि कार्य इस संस्था के मूल लक्ष्य हैं। इन्हीं उद्देश्यों से इसका गठन किया गया है। जल्द ही उत्तर बंगाल के सभी जिलों व प्रखंडों व अन्य जगहों पर इसकी शाखाएं गठित कर कार्यकारिणी बनाई जाएंगी।