बारह किलो 240 ग्राम अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार Darjeeling News
जलपाईगुड़ी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर स्कूल बैग में लेकर अफीम तस्करी करने से पहले ही दो युवकों को गिरफ्तार किया। युवकों के पास से 12 किलो अफीम जब्त किया गया है।
जलपाईगुड़ी, जागरण संवाददाता। जलपाईगुड़ी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर स्कूल बैग में लेकर अफीम तस्करी करने से पहले ही दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों का नाम हरविंदर सिंह (30) व राजविंदर सिंह (30) है। ये युवक पंजाब के निवासी हैं। युवकों के पास से 12 किलो अफीम जब्त किया गया है। पकड़े गए युवकों को जलपाईगुड़ी कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर के 12 बजे कोतवाली थाने में सूचनाई आई कि एक छोटे वाहन से अफीम की तस्करी करने की योजना है। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने वाहन में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान एक छोटे वाहन में रखे स्कूल बैग से 12 किलो 240 ग्राम अफीम जब्त किया गया।
इसका बाजार मूल्य लाखों रुपये है। इस दौरान दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान युवकों ने बताया कि अफीम गुवाहाटी से दिल्ली में तस्करी करने की योजना थी।
जलपाईगुड़ी के डिप्टी मजिस्ट्रेट ने कहा कि अफीम का नमूना फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। प्रमाणित होने पर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।