जलपाईगुड़ी में सामूहिक दुष्कर्म दो आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार
बड़ी बहन के घर जा रही छोटी बहन को बदमाशों ने उठा लिया और उसके साथ गैंगरेप किया।
जलपाईगुड़ी, जेएनएन। बड़ी बहन के घर जा रही छोटी बहन को बदमाशों ने उठा लिया और उसके साथ गैंगरेप किया। वारदात को मंगलवार की रात को जलपाईगुड़ी सदर ब्लॉक के सन्यासी हाट इलाके में अंजाम दिया गया। युवती का इलाज जलपाईगुड़ी सदर अस्पताल में चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी तीनों आरोपी फरार है। पुलिस उन्हें ढूढ़ रही है। जलपाईगुड़ी महिला थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम को जलपाईगुड़ी के कुकुरजान इलाके की रहनेवाली 19 वर्षीय युवती अपनी बड़ी बहन के घर जा रही थी। रास्ता सुनसान था। युवती साइकिल पर सवार थी। अचानक सन्यासी हाट इलाके में मदर दास व विश्वजीत राय नामक दो युवकों ने उसका रास्ता रोका। उसके बाद उसे घसीट कर सड़क किनारे एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में ले गया। वहां शराब का अड्डा लगा था।
विशु दास, सुब्रत राय व हीरा राय नाम के तीन लड़के वहां पहले से ही मौजूद थे। फिर पांच लड़कों ने मिलकर युवती के साथ दूराचार किया। देर रात को निर्माणधीन बिल्डिंग में लाइट जलते देख स्थानीय एक व्यक्ति को शक हुआ। घटनास्थल पर वह गया और देखा कि पांच लड़के मिलकर लड़की के साथ दूराचार कर रहे हैं। उस भले व्यक्ति ने घटना के बारे में स्थानीय लोगों को सूचित किया। बुधवार तड़के युवती को गंभीर स्थिति में जलपाईगुड़ी महिला थाना में ले जाया गया। वहां से युवती को जलपाईगुड़ी सदर अस्पताल के मदर हब में शारीरिक जांच के लिए ले जाया गया। वहीं पर युवती का इलाज चल रहा है।
जलपाईगुड़ी महिला थाना के ओसी उपासना गुरुंग ने कहा कि काफी रात तक लड़की घर नहीं पहुंचने पर उसके पिता ने खोजबीन शुरू की। बुधवार तड़के इलाकावासियों ने लड़की के घरवालों को सूचित किया। लड़की के पिता ने इस मामले में इलाके के पांच लड़कों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। गिरफ्तार मदन दास व विश्वजीत राय को पूछताछ की जा रही है। गुरुवार को इन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।