पद्मश्री को ट्रक भर कर दिए गए कपड़े
जगह-जगह से मिले नए-पुराने कपड़े पद्मश्री करीमुल हक दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में जरूरतमंदों को बांटते रहते हैं।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। जातीय तरूण संघ (जेटीएस क्लब-आश्रम पाड़ा), तरूण संघ (हाकिम पाड़ा), सिलीगुड़ी बनमाला थियेटर वेलफेयर सोसायटी, नाट्य संस्था ‘अर्चक’ व चाइल्ड इन नीड इंस्टीट्यूट (सिनी) के संयुक्त तत्वावधान में आम लोगों से कपड़े संग्रह कर रविवार को पद्मश्री करीमुल हक को सौंप दिए गए। ये कपड़े इतने संग्रहित हो गए कि ट्रक व एम्बुलेंस में भर कर देने पड़े। जबकि, अभी भी कुछ कपड़े बचे ही हुए हैं जो कल ले जाए जाएंगे।
इस दिन जेटीएस क्लब (आश्रम पाड़ा) में आयोजित कपड़ा प्रदान समारोह में पद्मश्री करीमुल हक ने अभिभूत होते हुए कहा कि उन्हें आए दिन जगह-जगह लोग नए-पुराने कपड़े देते हैं। मगर, इतनी अधिक संख्या में आज तक कहीं से भी कपड़े नहीं मिले। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि जगह-जगह से मिले नए-पुराने कपड़े पद्मश्री करीमुल हक दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में जरूरतमंदों को बांटते रहते हैं। इस अवसर पर समाजसेवी सोमनाथ चटर्जी ने कहा कि उन लोगों की कोशिश इतना बेहतर रंग लाएंगी इसका अंदाजा न था।
आम लोगों ने उम्मीदों से बढ़ कर कपड़े दिए। इस दिन, जलपाईगुड़ी जिला अंतर्गत माल बाजार प्रखंड के धलाबाड़ी गांव में गरीबों के कल्याण हेतु निर्माणाधीन पद्मश्री करीमुल हक के अस्पताल हेतु भी उन्हें 10 हजार रुपये, काफी सारी दवाएं, वाटर प्यूरीफायर आदि भी सौंपे गए।