पटना के शातिर ने सिलीगुड़ी की महिला से ऐसे ठगा 62 लाख से ज्यादा रुपये, गिरफ्तार
सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की साइबर क्राइम थाने की टीम ने शिकायत दर्ज होने के मात्र 25 दिनों के भीतर शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। ठगी का सिलसिला बीते जून महीने से शुरू हुआ था। सितंबर में महिला ने एफआइआर दर्ज कराई।
सिलीगुड़ी, जागरण संवाददाता। व्यापार के जरिए अच्छी आय का झांसा देकर पटना के ठग ने सिलीगुड़ी शहर की एक महिला से करीब साढ़े बासठ लाख रुपये ठग लिया। सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ठग को पटना से गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम रविषेक कुमार (27) है। उसे आज बुधवार ( 28 सितंबर) को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
साइबर क्राइम थाना ने 25 दिनों में ठग को धर दबोचा
कहते हैं न कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं। जिससे वह हर मामले को सुलझाने में सक्षम है। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की साइबर क्राइम थाने की टीम ने शिकायत दर्ज होने के मात्र 25 दिनों के भीतर शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार कर लिया है। ठगी का सिलसिला बीते जून महीने से शुरू हुआ था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने इंटरनेट मीडिया पर आइटीसी का डिस्ट्रीब्यूटरशिप का एक विज्ञापन देखा। इस व्यापार के जरिये होने वाली आय के आंकड़े से आकर्षित होकर उसने उस लिंक को क्लिक किया। उसके बाद मांगी गई सारी जानकारी, आधार कार्ड समेत कई तरह के दस्तावेज आदि भी ऑनलाइन के मार्फत ठग को भेजा। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद डियाट्रिब्यूटरशिप के लिए महिला से 62 लाख 32 हज़ार रुपए मांगा गया। महिला ने ऑनलाइन के मार्फत कई किस्तों में इतनी बड़ी रकम भी भेज दी। रकम देने के बाद महिला ने कुछ दिनों तक इंतजार किया। लेकिन उसे डियाट्रिब्यूटरशिप नही मिली।
कंपनी से संपर्क करने पर ठगी का पता चला
इसके बाद महिला ने कंपनी के उस नंबर पर कॉल किया, जिसके मार्फत उससे प्रक्रिया पूरी कराई और रुपए मांगे गए थे, वह बंद मिला। इसके बाद महिला ने आइटीसी कंपनी से संपर्क साधा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे तब पता लगा कि वह साइबर ठगी का शिकार हुई है। इसके बाद बीते तीन सितंबर को महिला ने सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच में जुटी पुलिस टीम को पटना का सुराग मिला। इसके बाद पटना पुलिस से संपर्क साध मामले की जानकारी साझा की।
आरोपित पहले भी कई ठगी कर चुका है
इसके बाद बीते रविवार को सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने की एक टीम पटना के लिए रवाना हुई। सोमवार दोपहर आरोपित को गिरफ्तार किया। मंगलवार को अट्रांजिट रिमांड के लिए उसे पटना अदालत में पेश किया। आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर साइबर टीम बुधवार सुबह सिलीगुड़ी पहुंची और साइबर ठगी के आरोप में उसे सिलीगुड़ी अदालत में हाज़िर किया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपित पटना के बंगाली टोला अंतर्गत इंदिरा नगर का निवासी है। इसके पहले भी वह ठगी की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।