स्वच्छ हवा के मामले में सिक्किम ने पेश की मिसाल, आठों केंद्रों पर एक्यूआई 100 से नीचे
सिक्किम ने स्वच्छ वायु गुणवत्ता में एक मिसाल कायम की है, जहां जनवरी से अगस्त 2026 तक सभी आठ निगरानी ...और पढ़ें

HighLights
सिक्किम में जनवरी-अगस्त 2026 तक AQI 100 से नीचे।
राज्य के सभी आठ केंद्रों पर हवा 'अच्छी' या 'संतोषजनक'।
रंगपो में अधिकतम 81, पेलिंग में न्यूनतम 19 AQI दर्ज।
राज्य ब्यूरो, गंगटोक। देश की राजधानी दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में वायु प्रदूषण गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। वहीं हिमाली राज्य सिक्किम की हवा अपेक्षाकृत स्वच्छ बनी हुई है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एसपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अगस्त 2026 तक राज्य के आठ निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 100 के पार नहीं पहुंचा। इन सभी केंद्रों पर हवा की गुणवत्ता अच्छी अथवा संतोषजनक श्रेणी में दर्ज की गई। इस अवधि सबसे अधिक एक्यूआई 81 पूर्वी सिक्किम के रंगपो में फरवरी महीने में दर्ज किया गया। वहीं पश्चिम सिक्किम के पेलिंग में जुलाई के दौरान यह सूचकांक घटकर 19 तक पहुंच गया, जो इस अवधि में दर्ज सबसे कम स्तर रहा।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों में रंगपो, सिंगताम और देउराली (पूर्वी सिक्किम), रवांगला और नाम्ची (दक्षिण सिक्किम), पेलिंग (पश्चिम सिक्किम) तथा मंगन और चुंगथांग (उत्तर सिक्किम) के वायु गुणवत्ता स्तर का मासिक विवरण दिया गया है। जनवरी से अगस्त तक के आंकड़ों में किसी भी केंद्र पर वायु प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी तक नहीं पहुंचा। यह स्थिति राज्य के पर्यावरण और अपेक्षाकृत कम प्रदूषण वाले परिवेश की ओर संकेत करती है।
आंकड़ों के अनुसार पूर्वी सिक्किम के तीन निगरानी केंद्रों पर अन्य क्षेत्रों की तुलना में एक्यूआई का स्तर कुछ अधिक दर्ज किया गया। रंगपो में जनवरी से अगस्त के बीच सूचकांक 53 से 81 के बीच रहा। फरवरी में यहां 81 का सर्वाधिक स्तर दर्ज किया गया। सिंगताम में अप्रैल महीने में एक्यूआई 45 तक नीचे आया, जबकि देउराली में अगस्त के दौरान यह 44 दर्ज किया गया। दक्षिण सिक्किम के रवांगला और नाम्ची में भी वायु गुणवत्ता अधिकांश समय अच्छी श्रेणी में रही। रवांगला में मई में एक्यूआई 30 और जुलाई में 29 दर्ज किया गया। नामची में जुलाई के दौरान यह घटकर 24 तथा अगस्त में 25 रहा। पश्चिम सिक्किम के पेलिंग में वायु गुणवत्ता और बेहतर दर्ज की गई। यहां जनवरी में एक्यूआई 30 था, जो जुलाई में घटकर 19 और अगस्त में 20 रह गया।
उत्तर सिक्किम के मंगन में जनवरी और फरवरी में एक्यूआई 42 दर्ज किया गया। इसके बाद मार्च में यह घटकर 34 रहा और अगस्त में 35 दर्ज किया गया। वहीं, चुंगथांग में जनवरी से अगस्त तक वायु गुणवत्ता सूचकांक 28 से 31 के बीच बना रहा। यहां फरवरी और मार्च में क्रमशः 29 और 28 का स्तर दर्ज किया गया। पूरे आठ माह के दौरान चुंगथांग में एक्यूआई में बहुत कम उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सिक्किम के इन आंकड़ों की तुलना देश की राजधानी दिल्ली की स्थिति से करें तो दोनों के बीच वायु गुणवत्ता का बड़ा अंतर दिखाई देता है।
राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक के मानकों के अनुसार शून्य से 50 तक का एक्यूआई 'अच्छी' श्रेणी में आता है। इस स्तर पर स्वास्थ्य पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है। 51 से 100 तक का स्तर 'संतोषजनक' माना जाता है, हालांकि इस श्रेणी में संवेदनशील लोगों को सांस लेने में हल्की परेशानी हो सकती है। इसके बाद 101 से 200 तक का स्तर 'मध्यम', 201 से 300 'खराब', 301 से 400 'बहुत खराब' और 400 से अधिक का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में रखा गया है। बहुत खराब श्रेणी में लंबे समय तक रहने से श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जनवरी से अगस्त 2026 तक के आंकड़े बताते हैं कि सिक्किम के सभी आठ निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता संतोषजनक स्तर के भीतर बनी रही। हालांकि, यह आंकड़ा केवल आठ निगरानी केंद्रों और आठ महीनों के उपलब्ध विवरण पर आधारित है। सितंबर से दिसंबर तक के आंकड़े इसमें शामिल नहीं हैं। इसके बावजूद, उपलब्ध आंकड़े राज्य में अपेक्षाकृत स्वच्छ वायु की स्थिति को रेखांकित करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।