पूजा की बची सामग्री से खाद बनाना शुरू
जागरण संवाददाता सिलीगुड़ी दुर्गा पूजा की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान शहर की विभिन्न नदि
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : दुर्गा पूजा की मूर्तियों के विसर्जन के दौरान शहर की विभिन्न नदियों के घाटों से संग्रहित पूजन सामग्री यथा फल, फूल, बेल पत्र आदि से जैविक खाद बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से यह कार्य करवाया जा रहा है। नगर निगम की प्रशासकीय समिति के अध्यक्ष अशोक भट्टाचार्य ने कहा कि नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने की दिशा में नदी में पूजन सामग्री आदि विसर्जित नहीं करने दी गई। इसमें पूजा आयोजकों ने भी सहयोग किया। उन्होंने नदियों में विसर्जित करने के बजाय सामग्री को नदी किनारे नगर निगम की ओर से रखे गए पात्रों में ही जमा किया। उन सारी संग्रहित सामग्री से जैविक खाद बनाना भी शुरू कर दिया गया है। हम लोग नीलामी का विज्ञापन कर सारे जैविक खाद को चाय बागाना वालों, फूल बागान वालों या किसी डिस्ट्रिब्यूटर या डीलर के हाथों बेच देंगे। इस पहल से जहां नदियों को राहत मिली है वहीं नगर निगम को भी कुछ आर्थिक लाभ होगा जो शहर के विकास में ही काम आएगा।