पब-बार की आड़ में मानव तस्करी और देह व्यापार का पर्दाफाश
-इस्कॉन मंदिर रोड इलाके से एक महिला और किशोरी बरामद -बिहार से लाकर बार और पब में का
-इस्कॉन मंदिर रोड इलाके से एक महिला और किशोरी बरामद
-बिहार से लाकर बार और पब में काम कराने का आरोप
-दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज
-------------
-खबर लिखे जाने तक नहीं हुई किसी की गिरफ्तारी
-पूरे नेक्सस को खंगालने की मांग ने पकड़ा जोर जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : शहर के सेवक रोड स्थित एक पब में नो शर्ट नो सर्विस फॉर गाइज,नो शर्ट फ्री ड्रिंक्स फॉर गर्ल्स के आपत्तिजनक पोस्टर को हटाने की मांग पर एक युवती व उसके पिता के साथ प्रबंधन व बाउंसरों द्वारा मारपीट का मामला अभी सुलझा भी नहीं है कि अब पब और बार की आड़ में देह व्यापार और मानव तस्करी का एक नया मामला सिलीगुड़ी में उजागर हुआ है। जानकारी मिलते ही भक्ति नगर थाना पुलिस ने एक विवाहिता और एक नाबालिग लड़की को बार और पब की आड़ में देह व्यापार और मानव तस्करी चलाने वाले नेक्सस के चंगुल से बरामद किया है। बरामद लड़की के परिवार की ओर से भक्ति नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इन दोनों से बार और पब में काम कराने का आरोप है। वहीं पूरे नेक्सस का पर्दाफाश करने तथा दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग पर राष्ट्रीय हिदु शक्ति संगठन ने मोर्चा खोल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर राष्ट्रीय हिदू शक्ति संगठन द्वारा उपलब्ध जानकारी के आधार पर भक्ति नगर थाना पुलिस ने शहर के इस्कॉन रोड स्थित बांग्ला बाजार इलाके स्थित एक घर से एक विवाहिता और एक नाबालिग लड़की को बरामद किया। साथ ही मकान मालिक पंकज झा को भी हिरासत में लिया। बरामद विवाहिता के पति ने भक्ति नगर थाने में पंकज झा और उसके साथी अजहर खान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के अनुसार बरामद की गई विवाहिता (उसकी पत्नी) और नाबालिग दोनों आपस में सगी बहन हैं। ये दोनों मूल रुप दिल्ली की रहने वाली हैं। करीब दो वर्ष पहले ही बड़ी बहन की शादी बिहार निवासी एक युवक के साथ हुई। गर्भधारण की स्थिति में वह वापस अपने मायके दिल्ली गई। करीब चार महीने पहले उसने एक बच्ची को जन्म भी दिया। बच्ची को जन्म देने के तीन महीना बाद विवाहिता और नाबालिग उसकी बहन दोनों अचानक लापता हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पति दिल्ली पहुंचा। लोक लज्जा की वजह से उसने दिल्ली और बिहार के किसी थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। लेकिन अपने स्तर पर उसने अपनी पत्नी और साली की तलाश शुरु की। इसी क्रम में उसने फोटो और विवरण सोशल मीडिया पर फैलाया। फिर सिलीगुड़ी के एक व्यक्ति ने फोन कर उसे दोनों के यहां होने की जानकारी दी। इसके बाद उसने राष्ट्रीय शक्ति संगठन की सहायता से सिलीगुड़ी पहुंचा और दोनों को पुलिस की मदद से बरामद कराया।
राष्ट्रीय हिदू शक्ति संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र सरीन उर्फ राजू ने बताया कि पंकज झा और अजहर खान पब और बार की आड़ में देह व्यापार और मानव तस्करी के नेक्सस का सदस्य है। पंकज झा और अजहर खान मिलकर सिलीगुड़ी स्थित कई बार और पब में लड़किया सप्लाई करता है। ये दोनों भी पड़ोसी राज्य बिहार से ताल्लुकात रखते है। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेक्सस के खिलाफ मुहिम छेड़ी जाएगी। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।