दो साल से कर रहा था अपनी ही बेटी का शारीरिक शोषण, फिर कर दी हत्या
कालिम्पोंग जिले के एक गांव में कलियुगी पिता ने अपनी ही तेरह साल की बेटी का दो साल तक शारीरिक शोषण किया। अब भेद खुलने के डर से उसकी हत्या भी कर दी।
कालिम्पोंग [संवादसूत्र]। कलिम्पोंग जिले के एक गांव में कलियुगी पिता ने 13 वर्षीया बेटी का पहले शारीरिक शोषण किया। फिर हत्या भी कर दी। इसके बाद बेटी के शव को घर के पास ही दफन कर दिया। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बीते नौ दिसंबर की है। उस शाम को नाबालिग बेटी गाव में खेल रही थी। घर पहुंचने में रात हो गई। इस कारण पिता में काफी आक्रोश था। दोनों के बीच काफी कहासुनी हुई। इसी दौरान बेटी ने अपने साथ हो रहे कृत्य की जानकारी देने की धमकी दी। इसके बाद ही पिता ने उसकी हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपित की पत्नी उसे छोड़कर पहले ही कहीं चली गई है। वह करीब दो वर्ष से बेटी का ही शारीरिक शोषण कर रहा था। घटना के दो दिन बाद घर के पास ही शव मिला। शव के गले पर चोट के निशान मिले हैं। प्राथमिक अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपित ने गला दबाकर बेटी की हत्या की होगी। बुधवार को उसे कालिम्पोंग कोर्ट में पेश किया गया था। न्यायाधीश ने उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।