राज्यपाल ने दैनिक जागरण को सराहा
सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने देश भर की भांति सिलीगुड़ी समेत पूरे उत्तर बंगाल में भी सामाजिक सरोकार की दिशा में दैनिक जागरण की अग्रणी एवं उत्कृष्ट भूमिका व उल्लेखनीय योगदान के लिए सराहना की है।
राजेश 09
-सामाजिक सरोकार की दिशा में उल्लेखनीय योगदान के लिए भेंट किया 'ओउम थंका'
-सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद द्वारा सम्मान पर दैनिक जागरण परिवार ने जताया आभार जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने देश भर की भांति सिलीगुड़ी समेत पूरे उत्तर बंगाल में भी सामाजिक सरोकार की दिशा में दैनिक जागरण की अग्रणी एवं उत्कृष्ट भूमिका व उल्लेखनीय योगदान के लिए सराहना की है। इसे लेकर उन्होंने रविवार को सिक्किम की राजधानी गंगटोक स्थित राजभवन में शिष्टाचार भेंट के दौरान विशेष रूप से दैनिक जागरण (सिलीगुड़ी) परिवार के लिए महाप्रबंधक शुभाशीष (जय) हलदर एवं विपणन प्रमुख अभिजीत दे को 'ओउम थंका' भेंट किया। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल गंगा प्रसाद आर्य समाज से संबद्ध हैं और उसकी परंपरा के अनुसार वह गणमान्य व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रेम-भाव से स्मृतिचिन्ह के रूप में 'ओउम थंका' भेंट करते हैं। यह विशेष रूप की कलाकारी से कपड़ों पर बनाया जाता है। इसमें ऋगवेद, यजुर्वेद, सामवेद एवं अथर्ववेद, चारों वेदों के दर्शन के सार रूप में उपदेश अंकित होते हैं। यहां राजभवन से 'ओउम थंका' भेंट करने की परंपरा की ऐतिहासिक शुरुआत राज्यपाल गंगा प्रसाद ने ही की है।
इस अवसर पर राज्यपाल ने दैनिक जागरण के कार्यो की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दैनिक जागरण वास्तव में देश भर में दैनिक रूप में सतत जागृति, जागरुकता फैला रहा है। यह एक ऐसा मीडिया संस्थान है जो केवल समाचारों-सूचनाओं के प्रेषण तक ही सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी गहरा जुड़ा हुआ है। सामाजिक सरोकारों की दिशा में दैनिक जागरण की सक्रिय भूमिका और उल्लेखनीय योगदान की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। उन्होंने यह भी कहा कि दैनिक जागरण सदैव प्रगति पथ पर अग्रसर रहे और राष्ट्र व राष्ट्र के लोगों को अग्रसर रखे, यही मेरी कामना है। इस सम्मान के प्रति दैनिक जागरण परिवार ने भी राज्यपाल के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।