प. बंगाल भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसा पर स्मृति ईरानी ने कहा- हम ईट का जवाब पत्थर से देंगे
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने ममता बनर्जी को चेतावनी दी। राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले की घटनाओं पर कहा कि हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने सभा मंच से तृणमूल प्रमुख व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चेतावनी दी। राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे हमले की घटनाओं पर कहा कि 'हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं।' केंद्रीय मंत्री मंगलवार को दक्षिण कोलकाता संसदीय क्षेत्र के हाजरा मोड़ पर जनसभा को संबोधित कर रही थीं।
इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी का नाम नहीं लिए बिना कहा 'यहां से दो मिनट रास्ता चलने पर एक लीडर का घर है, इसलिए आप सभी इतनी निष्ठा से जय श्रीराम के नारे लगाएं कि यह आवाज उस लीडर के कानों तक पहुंचे ।' स्मृति ने मंच से बांग्ला में भी लोगों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि वह दीदी से कहना चाहती हैं कि पोस्टर फाड़ देंगी, लेकिन हर गरीब के दिल में मोदी बैठा है, उसको कैसे निकालेंगी। उन्होंने ममता पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने कभी यह सोचा नहीं था कि मां, माटी, मानुष की चर्चा करने वाली दीदी एक दिन माकपा से भी ज्यादा अत्याचार करेगी। वह माकपा के गुंडों को पालेंगी। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हिंसा के बारे में उन्होंने कहा, हम ईट का जवाब पत्थर से दे सकते हैं और देंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप