विनय तामांग को मिला कालिम्पोंग नगर पालिका का समर्थन
-रवि प्रधान पालिका अध्यक्ष तो भीम अग्रवाल होंगे उपाध्यक्ष -वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष का वोटिंग से
-रवि प्रधान पालिका अध्यक्ष तो भीम अग्रवाल होंगे उपाध्यक्ष
-वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष का वोटिंग से पूर्व इस्तीफा
संवादसूत्र,कालिम्पोंग : लंबे समय से कालिम्पोंग नगर पालिका सभासदों को तामांग गुट के समर्थन में लाने की कोशिशें गुरुवार को रंग लाती दिखी। समर्थन को लेकर जारी सस्पेंस आखिरकार वर्तमान नपा अध्यक्ष शुभ प्रधान के इस्तीफे के बाद खत्म हो गया। प्रधान के त्यागपत्र के बाद पालिका के सभी 20 सभासदों ने मताधिकार का प्रयोग कर तामांग गुट के समर्थन में लामबंद होकर रवि प्रधान के रूप में नया नपा अध्यक्ष चुनने का निर्णय लिया। नगर पालिका के कुल 22 सभासदों में से 20 ने तामांग गुट के रवि प्रधान के समर्थन में वोट डाला। समर्थन जुटाने की मुहिम में जुटे जीटीए बोर्ड उपाध्यक्ष अनित थापा गुरुवार को वोटिंग के वक्त नगर पालिका भवन में उपस्थित रहे। नए अध्यक्ष को चुनने की प्रक्रिया के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए थापा ने प्रधान को नपा अध्यक्ष तथा भीम अग्रवाल को नपा उपाध्यक्ष के रूप में चुने जाने की जानकारी दी। अग्रवाल को नगरपालिका उपाध्यक्ष बनाने की घोषणा के बाद वर्तमान उपाध्यक्ष सोनम याखा को प्रोन्नत करते हुए जीटीए बोर्ड में पर्यटन विभाग के अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति दी गई है। बताते चलें कि बीते जून माह के पहाड़ के आंदोलन के समय ही तृकां के टिकट पर जीते अग्रवाल ने पार्टी छोड़कर गोजमुमो का दामन थामा था। वहीं नवनियुक्त नपा अध्यक्ष रवि प्रधान ने बताया कि पूर्व नगर पालिका प्रमुख प्रधान का इस्तीफा स्वीकार न होने के चलते गुरुवार को वोटिंग की प्रक्रिया अपनाई गई जिसमें 20 सभासदों के समर्थन के साथ बहुमत मिला। उन्होंने आगामी 20 दिसंबर तक समस्त औपचारिकताएं पूरी होने के बाद नए बोर्ड का आधिकारिक रूप से कार्यभार संभालने की जानकारी दी।