एक किलो सोने के साथ महाराष्ट्र निवासी गिरफ्तार
-डीआरआई की टीम ने गुवाहाटी से भी एक को दबोचा - सिलीगुड़ी और बिहार होकर दिल्ली तस्कर
-डीआरआई की टीम ने गुवाहाटी से भी एक को दबोचा
- सिलीगुड़ी और बिहार होकर दिल्ली तस्करी की थी योजना जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : खुफिया राजस्व निदेशालय गुवाहाटी और सिलीगुड़ी की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब तीन किलो सोना जब्त किया है। जिसमें सिलीगुड़ी में एक किलो और गुवाहाटी में दो किलो सोना जब्त हुआ है। सोना तस्करी के आरोप में दो व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। सिलीगुड़ी डीआरआई ने सोने के साथ गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। अदालत ने आरोपित की जमानत याचिका को मंजूर कर लिया है।
गुप्त जानकारी के आधार पर डीआरआई सिलीगुड़ी की टीम ने बीते गुरुवार की रात सिलीगुड़ी जंक्शन इलाके में अभियान चलाकर एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। आरोपित के ट्राउजर से सोने के छह बिस्कुट बरामद हुए। डीआरआई आरोपित को गिरफ्तार कर हाकिमपाड़ा स्थित अपने कार्यालय ले आई। आरोपित का नाम संजय सिद्धेश्वर शर्मा बताया गया है। आरोपित महाराष्ट्र के ठाणे जिले का निवासी बताया गया है। आरोपित के पास से बरामद छह सोने के बिस्कुट में प्रत्येक का वजन 166 ग्राम बताया है। जब्त छह सोने के बिस्कुट का कुल वजन 996 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत 49 लाख 82 हजार 988 रुपये आंकी गई है।
वहीं अदालत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बीते गुरुवार को डीआरआई गुवाहाटी की टीम ने भी गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से करीब दो किलो सोने के साथ एक आरोपित तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपित का नाम संजू राजू तौलानू बताया गया है। आरोपित के पास से डीआरआई को 166 ग्राम वजन वाले कुल 12 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। जब्त 12 सोने के बिस्कुट का कुल वजन 1 किलो 992 ग्राम है, जिसकी बाजार कीमत 1 करोड़ 28 लाख रुपए है।
कोई ट्रेन तो कोई बस से रवाना
अदालत सूत्रों की माने तो दोनों आरोपित इंडो-म्यांमार सीमांत से सोने के बिस्कुट का खेप लेकर अलग-अलग दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। संजू राजू तौलानी गुवाहाटी से ट्रेन के मार्फत दिल्ली जाने की तैयारी में था। जबकि संजय सिद्धेश्वर शर्मा असम से सड़क मार्ग द्वारा सिलीगुड़ी भाया बिहार होते हुए दिल्ली जाने की फिराक में था। यहां बताते चलें कि चार दिन पहले बीते 30 नवंबर की रात डीआरआई सिलीगुड़ी टीम ने अभियान चलाकर सिलीगुड़ी जंक्शन बस स्टैंड से दो आरोपित तस्कर को गिरफ्तार किया। उनके पास से सोने के दो बार बरामद हुए थे। जिसका वजन करीब डेढ़ किलो था।