एक्शन में गौतम देव, बोरो का दौरा
-बोरो अधिकारियों व कर्मचारियों को हर घड़ी अलर्ट रहने का निर्देश -नगर निगम में स्वयंसेवी
-बोरो अधिकारियों व कर्मचारियों को हर घड़ी अलर्ट रहने का निर्देश
-नगर निगम में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों संग की बैठक जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : राज्य सरकार की ओर से नवनियुक्त सिलीगुड़ी नगर निगम की प्रशासकीय समिति के चेयरमैन गौतम देव कार्यभार संभालने के साथ ही साथ एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने नगर निगम की प्रशासकीय समिति के सदस्यों संग शनिवार को एक नंबर व दो नंबर बोरो का दौरा कर वहां का जायजा लिया। बोरो ऑफिसर व अन्य अधिकारियों संग बैठक वस्तुस्थिति की समीक्षा की। इसके साथ ही कोरोना महामारी प्रबंधन हेतु बोरो अधिकारियों व कर्मचारियों को हर घड़ी अलर्ट रहने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि नगर निगम के सभी 47 वार्डो को प्रति बोरो नौ-10 वार्ड करके पांच बोरो के अधीनस्था रखा गया है ताकि वार्डो में बुनियादी परिसेवा बेहतर तरीके से कार्यान्वित की जा सके। यही वजह है कि मैं हर बोरो पर खास ध्यान दे रहा हूं। आज दो बोरो का दौरा किया है। अन्य बोरो का दौरा कल करूंगा। वर्तमान कोरोना महामारी के समय में नगर निगम को पूरी सक्रियता के साथ कार्यो को अंजाम देना होगा।
इस दिन अलग से उन्होंने सिलीगुड़ी नगर निगम में स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों संग की भी बैठक की। उनके साथ कोरोना महामारी को लेकर शहर की वर्तमान परिस्थिति एवं वस्तुस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की कि इस विकट समय में वे अपने स्तर पर समाज व समाज के लोगों के लिए जितना कर सकते हैं करें। इस दिशा में नगर निगम उनके साथ है। हरसंभव सहायता दी जाएगी।