दो किलो सोने के बिस्कुट के साथ डीआरआइ ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार
Smuggler Arrested बंगाल में डीआरआइ की सिलीगुड़ी टीम ने करीब दो किलो सोने के बिस्कुट की तस्करी के आरोप में दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। Smuggler Arrested: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) की सिलीगुड़ी टीम ने करीब दो किलो सोने के बिस्कुट बरामद किए हैं। सोना तस्करी के आरोप में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सोने की बाजार कीमत एक करोड़ नौ लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपितों को रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। अदालत ने आरोपितों को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों को सोमवार फिर से अदालत में पेश किया जाएगा। बंगाल में डीआरआई सिलीगुड़ी की टीम ने न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर घात लगाकर बीते शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे गुवाहाटी से दिल्ली जाने वाली कोरोना स्पेशल ट्रेन ब्रम्हपुत्र मेल से दो लोगों को हिरासत में लिया था।
दोनों तस्करों की डीआरआई सिलीगुड़ी कार्यालय में लाकर तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के पास से 12 पीस सोने के बिस्कुट बरामद हुए थे। इसके बाद दोनों आरोपित तस्करों को डीआरआइ ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम मांगी लाल (47) और योगेश सोनी (25) बताया गया है। जब्त सोने का कुल वजन एक किलो 992 ग्राम बताया गया है। जब्त सोने के प्रत्येक बिस्कुट का वजन 166 ग्राम बताया गया है। जब्त सोने की बाजार कीमत एक करोड़ नौ लाख 95 हजार 43 रुपये आंकी गई है।
अदालत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपित राजस्थान के बीकानेर जिले के निवासी बताए गए हैं। आरोपितों ने सोने के बिस्कुट को घुटने में पहने एक विशेष कैप में छिपा कर रखा था। आरोपित सोने के बिस्कुट को गुवाहाटी से दिल्ली ले जाने के लिए रवाना हुए थे। जब्त सोने के बिस्कुट पर विदेशी चिन्ह अंकित हैं। अंकित चिन्ह के मुताबिक, जब्त सोने के बिस्कुट स्विस गोल्ड बताया जा रहा है। यह सोना भारत-म्यांमार सीमांत से भारत मे लाये जाने की सूचना डीआरआई को मिली है। पूछताछ के दौरान उनसे अहम खुलासा हो सकता है।