सत्ता में आते ही कानून का राज स्थापित करेगी भाजपा: दिलीप घोष
-मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर साधा निशाना - किसानों को गुमराह करने का लगाया आरोप -राज्
-मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर साधा निशाना
- किसानों को गुमराह करने का लगाया आरोप
-राज्य में किसान रैली करने की दी चुनौती,
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर अराजक माहौल कायम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज भाजपा ही स्थापित करेगी। वह मंगलवार को बाघाजतीन पार्क में भाजपा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी जो परिस्थिति है,इससे निश्चित रूप से कहा जा सकता है कि निर्विघ्न रूप से चुनाव नहीं हो सकता है। हर दिन भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले किए जा रहे है। भाजपा की रैली में तृणमूल कांग्रेस द्वारा पत्थर फेंके जा रहे हैं। भाजपा की सरकार बनने के बाद पहला कार्य राज्य में कानून व्यवस्था को ठीक करना होगा। लोगों को गणतांत्रिक अधिकार वापस लाया जाएगा। हार की डर से राज्य में छह नगर निगम समेत 118 नगर निकायों का चुनाव तृणमूल सरकार नहीं करा रही है। नगर निकाय चुनाव नहीं होने से लोग सामाजिक सुरक्षा लाभ पाने के लिए जरूरी कागजात तैयार नहीं करा पा रहे हैं।
राज्य में आए अंफन तूफान से निपटने के लिए केंद्र सरकार द्वारा दी गई सहायता राशि को पीड़ितों को देने की जगह तृणमूल कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं के खाते में भेजा गया।
केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि की राशि पूरे देश के किसानों को मिल रही है। सिर्फ पश्चिम बंगाल के किसानों को राज्य सरकार की वजह से यह राशि नहीं मिल पा रही है। पश्चिम बंगाल में जनता को कोई भी कार्य कराने के लिए तृणमूल नेताओं को कटमनी देना पड़ता है। इसके बगैर कोई कार्य नहीं हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर गए कृषि कानून के खिलाफ किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा किसानों के हित में सौ साल पुराने कृषि कानून को बदलकर नया कानून लाया गया है। किसानों की अपनी उपज बेचने के अधिक अवसर दिए जा रहे हैं। पंजाब से किसानों को गुमराह कर दिल्ली में दो महीन से बैठा दिया गया है। कोलकाता में भी मुख्यमंत्री ने किसान रैली करने की कोशिश की। लेकिन दो सौ दलालों के अलावा कोई भी किसान नहीं आए। घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को राज्य में किसान रैली करने की चुनौती देते हुए कहा कि एक रैली आयोजित करके देख लें। रैली में 10 हजार किसान नहीं आएंगे। जबकि भाजपा भी एक किसान रैली का आयोजन करेगी जिसमें 50 हजार से ज्यादा किसान शामिल होंगे।
तृणमूल में पार्टी के नाम पर चल रहा सर्कस
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल पार्टी के अंदर सर्कस का खेल चल रहा है। एक नेता नाराज हो रहा है तथा जबतक उसे मनाया जा रहा है, तबतक दूसरे के नाराज होने की खबर आ जा रही है। यह सर्कस हम नहीं देखना चाहते। चुनाव आया है तो राज्य सरकार को लोगों के विकास की याद आई है। दुआरे-दुआरे सरकार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जनता सवाल पूछेगी, तो देखा जा रहा है कि नेता इसमें नहीं जा रहे हैं।
बिमल व विनय को पहाड़ की जनता सिखाएगी सबक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दार्जिलिंग को स्विटजरलैंड बनाने की घोषणा की थी। दार्जिलिंग स्विटजरलैंड हुआ है कि नहीं, जब मैं देखने पहाड़ पर जा रहा था, तो मेरे पीछे गुंडे लगा दिए गए। उन्होंने गोरखा जनमुक्ति मोर्चा नेता बिमल गुरूंग व विनय तमांग पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों लोगों का पहाड़ की जनता सबक सिखाएगी। पहाड़ पर काफी संख्या में लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
काफी संख्या में लोग भाजपा में हुए शामिल
भाजपा की जनसभा के दौरान विभिन्न दलों से काफी संख्या में लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा में शामिल होने में तृणमूल कांग्रेस नेता माटीगाड़ा दो नंबर ग्राम पंचायत की पूर्व ग्राम प्रधान प्रियंका विस्वास, फांसीदेवा से कार्लूस लकड़ा, शंभू सिंह, प्रबीर सिंह, बुद्धिस्ट कल्चरल सोसायटी के विकास लामा व जंबू लामा समेत अन्य लोग थे। इस मौके पर भाजपा नेता श्रीरूपा चौधरी, भाजपा सिलीगुड़ी जिला इकाई के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, सचिव कन्हैया पाठक, भाजपा नेता सबिता देवी अग्रवाल, खुशबू मित्तल समेत अन्य लोग मौजूद थे। इसके अलावा उक्त जनसभा को भाजपा पश्चिम बंगाल प्रदेश महासचिव शायंतन बसु, रथीन बोस, बालूरघाट के सांसद सुकांत मजूमदार, मादारीहाट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक मनोज तिग्गा समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।