दिलीप घोष ने कहा -पुलिस अगर गांव में घुसे तो उसे पेड़ में बांध कर रखे, पानी भी पीने को न दे
पुलिस अगर गांव में घुसे तो उसे पेड़ में बांध कर रखे। पानी भी पीने को न दे। उक्त बातें सोमवार को धुपगुड़ी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कही।
धुपगुड़ी, संवाद सूत्र। पुलिस अगर गांव में घुसे तो उसे पेड़ में बांध कर रखे। पानी भी पीने को न दे। उक्त बातें सोमवार को धुपगुड़ी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कही। ममता सरकार पर भी जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि अब तृणमूल कांग्रेस में भाजपा के साथ राजनीतिक लड़ाई करने की हिम्मत नहीं है। इसलिये पुलिस की मदद ली जा रही है। कुछ पुलिस कर्मी नेता व मंत्रियों को खुश करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के लिए काम भी कर रही है।
पंचायत चुनाव से लेकर अब तक कई भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। हजारों समर्थक बेघर हैं। विजयी सदस्यों को धमकियां दी जा रही है। वह सभी को शांति से रहने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन अगर तृणमूल कांग्रेस के लोग हमला करेंगे तो जोरदार जवाब दिया जाएगा।
दिलीप घोष ने कहा कि पुलिस गलत मामलों में भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर रही है। इसलिये अगर पुलिस गांव में घुसे तो ग्रामीण उसे बांध कर रखे। प्यासा छोड़ दे। तब सीख मिलेगी। आज उन्होंने धुपगुड़ी के विजयी पंचायत सदस्यों से मुलाकात कर हालचाल जाना।