गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजयुमो ने किया प्रदर्शन
कहा, आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर करेंगे पूरे शहर को बंद -पुलिस ने दिया आश्वासन
कहा, आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर करेंगे पूरे शहर को बंद
-पुलिस ने दिया आश्वासन जल्द पकड़े जाएंगे नामजद आरोपित
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी :भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से शुक्रवार को भाजपा नेत्री और नेताओं ने रैली निकाली। रैली निकालकर प्रधाननगर थाने में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष कंचन देवनाथ कर रहे थे। उनके साथ राजू पॉल, प्रसन्नजीत पाल,अनिंदिंता राय दास, राजू गुप्ता समेत बड़ी संख्या में मंडल से भारतीय जनता युवा मोर्चा के समर्थन शामिल हुए। जब काफी देर तक थाने में प्रदर्शन और घेराव किया तो थाने के आइसी ने बातचीत के लिए बुलाया। जिलाध्यक्ष कंचन देवनाथ ने प्रधाननगर थाने के आइसी के साथ बातचीत करने के बाद पत्रकारों को बताया कि वे उन्होंने पुलिस से मांग की है कि कांड संख्या 486 में नामजद आरोपित बिजेंद्र कपूर उर्फ मासूम, सुरेंद्र कपूर उर्फ छोटू तथा सुमन झा को अविलंब गिरफ्तार करे। पुलिस ऐसा नहीं करते हुए आरोपितों के इशारे पर भाजपाइयों के खिलाफ मामला दर्ज करने में लगी है। भाजपाइयों पर लादे गए झूठे मामले वापस नहीं लिए गए ,भाजपा नेताओं पर हमले के जिम्मेदार को गिरफ्तार नहीं किया गया तो इसके खिलाफ पूरे शहर में आंदोलन किया जाएगा। आइसी ने कहा कि तीन दिनों के अंदर ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस दिशा में लगातार काम कर रही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने पुलिस को तीन दिनों के बदले चार दिनों का समय देने हुए आंदोलन को प्रदर्शन समाप्त कर दिया।