West Bengal Assembly Election 2021: बंगाल विस चुनाव के लिए केंद्रीय स्तर के अपने पांच और नेताओं को सांगठनिक कामकाज में लगाएगी भाजपा
West Bengal Assembly Election 2021 बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा केंद्रीय स्तर के अपने पांच और नेताओं को बंगाल में सांगठनिक कामकाज में लगा रही है। इनमें वे नेता शामिल हैं जो विभिन्न राज्यों में पार्टी का सांगठनिक कामकाज देख रहे हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। West Bengal Assembly Election 2021: बंगाल फतह करने को भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। हर गुजरते दिन के साथ भगवा पार्टी नई-नई रणनीति लेकर आ रही है। सूबे में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा केंद्रीय स्तर के अपने पांच और नेताओं को बंगाल में सांगठनिक कामकाज में लगा रही है। इनमें वे नेता शामिल हैं, जो विभिन्न राज्यों में पार्टी का सांगठनिक कामकाज देख रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा संगठन के प्रमुख भी शामिल हैं। भाजपा ने बंगाल की 294 विधानसभा सीटों को पांच जोन में बांट दिया है। ये नेता इन्हीं पांच जोन में मोर्चा संभालेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गुजरात में भाजपा के महासचिव (संगठन) भीखूभाई दलसानिया नवद्वीप जोन में आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश संगठन के सचिव सुनील बंसल कोलकाता जोन में मोर्चा संभालेंगे। त्रिपुरा संगठन के सचिव को उत्तर बंगाल जोन का दायित्व सौंपा गया है। हरियाणा संगठन के सचिव रवींद्र राजू राड़बंग जोन में पार्टी का सांगठनिक कामकाज देखेंगे और हिमाचल प्रदेश संगठन के महासचिव पवन राणा हावड़ा-हुगली-मेदिनीपुर जोन का कामकाज देखेंगे। उल्लेखनीय है कि इन पांच जोन के लिए भाजपा पहले ही पांच केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त कर चुकी है और अब वहां का सांगठनिक कामकाज देखने के लिए पांच और केंद्रीय स्तर के नेताओं की नियुक्ति की गई है। गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले अमित शाह बंगाल की राजनीतिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
बंगाल की विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का चयन शाह ही करेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव के समय भी बंगाल में भाजपा उम्मीदवारों का चयन शाह ने ही किया था और इसमें भारी सफलता भी मिली थी। भाजपा ने बंगाल की 42 में से 18 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। कुछ सीटों पर वह मामूली अंतर से हारी थी। शाह पार्टी उम्मीदवारों की सूची बंगाल का दायित्व प्राप्त पार्टी नेताओं की रिपोर्ट के आधार पर तैयार करेंगे। भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जरूरत पड़ने पर राज्य इकाई में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर फेरबदल भी कर सकता है। आठ व नौ दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी बंगाल के दौरे पर आएंगे।