गायघाटा दुष्कर्म-हत्या कांड: पीड़ित परिवार को बंगाल सरकार ने दिए 10 लाख रुपये
पश्चिम बंगाल सरकार ने गायघाटा में दुष्कर्म के बाद हत्या की शिकार छात्रा के परिवार को 10 लाख रुपये का ...और पढ़ें

HighLights
बंगाल सरकार ने गायघाटा दुष्कर्म-हत्या पीड़िता परिवार को 10 लाख दिए।
बनगांव सांसद केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने मुआवजा चेक सौंपा।
आरोपी दुष्कर्म-हत्या के बाद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के गायघाटा में दुष्कर्म के बाद छात्रा की हत्या की घटना के करीब 10 दिन बाद राज्य सरकार ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया है। बुधवार को बनगांव के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर ने महकमा शासक की मौजूदगी में पीड़िता के परिजनों को मुआवजे का चेक सौंपा।
उल्लेखनीय है कि लक्ष्मी पूजा के दिन सुबह एक रिश्तेदार के घर में बाथरूम के सामने से छात्रा का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने जांच के दौरान छात्रा के एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया था। उस पर दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप था।
पुलिस मुठभेड़ में हुई थी आरोपित की मौत
घटना के तीन दिन बाद जांच के तहत वारदात का पुनर्निर्माण कराने के लिए पुलिस आरोपित को घटनास्थल पर ले जा रही थी। लौटते समय आरोपित ने शौच के लिए जाने का बहाना बनाकर पुलिस का हथियार छीनने और जवानों पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, स्थिति संभालने के लिए जवाबी गोलीबारी करनी पड़ी, जिसमें आरोपित की मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। अब सरकारी नियमों के तहत पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। बेटी को खोने के गहरे सदमे से गुजर रहे परिवार के लिए यह सहायता मुश्किल समय में कुछ राहत देने वाली मानी जा रही है।