Bengal Election Result: मतगणना शुरू होने के 12 घंटा पहले आग्नेयास्त्र बरामद होने से शहर की सुरक्षा पर खड़े हुए सवाल
गुप्त जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर प्रधान नगर थाना पुलिस की प्लेन क्लॉथ पुलिस टीम ने आग्नेयास्त्र समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम राहुल शॉ (28) बताया गया है। आरोपित को रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जयेगा
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : गुप्त जानकारी के आधार पर अभियान चलाकर प्रधान नगर थाना पुलिस की प्लेन क्लॉथ पुलिस टीम ने आग्नेयास्त्र समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम राहुल शॉ (28) बताया गया है। आरोपित को रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जयेगा। मतगणना शुरु होने के 12 घंटे पहले शहर में आग्नेयास्त्र बरामद होने से पुलिस व प्रशासन के कान खड़े हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर प्रधान नगर थाना पुलिस की प्लेन क्लॉथ टीम प्रमुख सब इंस्पैक्टर विनुप मंडल के नेतृत्व में चंपासारी इलाके में घात लगाया।
गुप्तचर के मुताबिक शनिवार की देरशाम उत्तर प्रदेश नंबर की एक लाल रंग की सिडैन कार चंपासारी पहुंची। घात लगाई पुलिस टीम ने फौरन कार को रोककर तलाशी ली। राहुल शॉ ही कार चला रहा था। पुलिस के मुताबिक राहुल शॉ ही कार का मालिक भी है। तलाशी के दौरान राहुल शॉ के पास से पुलिस ने सात एमएम की एक अत्याधुनिक पिस्तौल, 2 मैगजीन और ग्यारह राउंड जिंदा कर्तुश बरामद किया।
आग्नेयास्त्र समेत पुलिस ने कार जब्त करने के साथ आर्म्स एक्ट के तहत राहुल शॉ को गिरफ्तार किया। पुलिस की माने तो आरोपित राहुल शॉ कोलकता के इंटॉली थाना अंतर्गत डॉ. सुरेश सरकार रोड के निवासी बताया गया है। पूछताछ में आरोपित राहुल शॉ ने पुलिस को बताया है कि वह ब्राउन शुगर के नशे का आदि है। अपनी नशे की लत की वजह से ब्राउन शुगर खरीदने के लिए वह कोलकाता से सिलीगुड़ी आया था। वह पेशे से कबाड़ कारोबारी है। प्रधान नगर थाना क्षेत्र के देबीडांगा इलाके में उसका अपना एक फ्लैट भी है। जहां वह वक़्त बिताने अक्सर आया करता है। यहां बताते चलें कि 12 घंटे बाद रविवार सुबह सात बजे से मतगणना शुरु होना है। मतगणना के पहले आग्नेयास्त्र बरामद होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है।
इस संबंध में सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस कमिश्नर डीपी सिंह ने बताया कि आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार आरोपित को रविवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जयेगा। प्रधान नगर थाना पुलिस मामले की जांच शुरू किया है। वहीं मतगणना के मद्देनजर सिलीगुड़ी में सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। शहर के सभी प्रवेश और निकास द्वार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की सहायता से पूरे शहर पर पुलिस की नजर है।