पश्चिम बंगाल : दीदी के बोलो' के बाद अब 'आमार गोर्बो ममता' ' कैंपेन शुरू, चयनित वाट्सएप वीडियो को दिया जाएगा पुरस्कार
तृणमूल कांग्रेस ने ट्विटर पर एक नया पेज और हैशटैग आमार गोर्बो ममता यानी ममता मेरा गर्व शुरू किया है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। जनता तक पहुंचने के लिए 'दीदी के बोलो' अभियान शुरू करने के तीन बाद तृणमूल नेतृत्व ने शुक्रवार को एक नए ऑनलाइन कैंपेन की शुरुआत की। इसके जरिये लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह बताएंगे कि वह पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपलब्धियों पर क्यों गर्व करते हैं।
तृणमूल कांग्रेस ने ट्विटर पर एक नया पेज और हैशटैग 'आमार गोर्बो ममता' यानी (ममता मेरा गर्व) शुरू किया है। इस पेज पर सोशल मीडिया उपयोक्ताओं से कहा गया है कि वह बताएं कि पिछले आठ साल में ममता द्वारा किए गए कामों के आधार पर उन्हें मुख्यमंत्री पर क्यों गर्व है?
तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा,' ट्विटर और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग ममता पर गर्व को लेकर अपना अनुभव बता सकते हैं। वे 'अमार गोर्बो ममता' पर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। हम सभी को दीदी पर गर्व है और अब हम दूसरों का अनुभव जानना चाहते हैं और उसे सोशल मीडिया पर साझा करना चाहते हैं।' लोकसभा चुनाव के परिणाम से राज्य में तृणमूल कांग्रेस को झटका लगा था। मुख्यमंत्री ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों से जनता से सीधे बातचीत के लिए हेल्पलाइन नंबर 9137091370 और एक वेबसाइट 'दीदी के बोलो' शुरू की है।
'दीदी के बोलो' को जनता ने कितना सराहा है इसकी परख के लिए अब लोगों से वीडियो भेजने को कहा गया है। भेजे जाने वाले तीन चयनित सर्वश्रेष्ठ वीडियो को आकर्षक पुरस्कार देने की बात कही गई है। वीडियो को तीन दिन के भीतर वाट्सएप नंबर 6309957610 पर भेजना होगा। चयनित तीन वीडियो को पुरस्कार देने की बात कही गई है लेकिन पुरस्कार क्या होगा इसका खुलासा नहीं किया गया है। सूत्रों के अनुसार चयनित वीडियो को खुद मुख्यमंत्री पुरस्कृत करेंगी।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर तृणमूल को चंगा करने में जुटे हैं। 'दीदी के बोलो' अभियान उन्हीं की मस्तिष्क का उपज कहा जा रहा है। कहा जा रहा है कि उन्हीं के कहे अनुसार अब सोशल मीडिया पर 'दीदी के बोलो' के बाद अब 'ममता मेरा गर्व' अभियान की शुरुआत की गई है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप