महिला सशक्तिकरण में एसएसबी की भी अहम भूमिका- आईजी
-मानव तस्करी रोकने के लिए जागरूकता पर बल -22 स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल जाग
-मानव तस्करी रोकने के लिए जागरूकता पर बल
-22 स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नारी शक्ति की ओर से वन बिलियन राइजिंग नामक कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय उत्तर बंग मारवाड़ी पैलेस में किया गया। जिसमें इंपल्स एनजीओ की सक्रिय भूमिका रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में एसएसबी के आईजी श्रीकुमार बंदोपाध्याय उपस्थित थे। उन्होंने सिलीगुड़ी नारी शक्ति द्वारा किए जाने वाले कार्यो की सराहना की। साथ ही कहा कि एसएसबी भी महिला सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने मानव तस्करी रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम कराने पर विशेष जोर दिया।
इस मौके पर सेना के कैप्टन सूर्य प्रकाश ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि किशोरावस्था में अपने बच्चों के साथ दोस्त बनकर रहें। उनकी समस्याओं को समझे। वहीं महिलाओं को भी कहा कि वे अपने को कमजोर ना समझे। अपने सपनों को अवश्य पूरा करो भले ही इसके लिए आपको संघर्ष करना पड़े। फैशन डिजाइनर और ग्रीन मैन ऑफ सिक्किम ओमी गुरुंग ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। दैनिक जागरण, सिलीगुड़ी के वरिष्ठ समाचार संपादक गोपाल ओझा भी उपस्थित हुए। मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की खबरों को प्रमुखता से प्रकाशित करने के लिए नारी शक्ति की ओर से दैनिक जागरण को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इसी कड़ी के तहत इंपल्स एनजीओ की ओर से पुष्पा हरगोवन ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मानव तस्करी को लेकर जागरूक करने का प्रयास किया जाता है। स्थानीय प्रशासन के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया की सक्रिय भूमिका रहती है। सिलीगुड़ी नारी शक्ति की ओर से प्रतिमा जोशी ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है महिलाओं में आत्मविश्वास का संचार करना। ताकि अपने उपर होने वाले अत्याचारों के विरुद्ध में आवाज उठा सकें। इसी क्रम में एक पोस्टर का भी विमोचन किया गया। मंच संचालन सब इंस्पेक्टर निशांत सिंह चहल ने किया। इस कार्यक्रम में 22 एनजीओ के प्रतिनिधि शामिल हुए।