हाकिमपाड़ा में चोरी,लोगों में दहशत
-कीमती बर्तनों के साथ गहने भी ले उड़े बदमाश -सीसीटीवी फुटेज जुगाड़ करने में लगी पुलिस
-कीमती बर्तनों के साथ गहने भी ले उड़े बदमाश
-सीसीटीवी फुटेज जुगाड़ करने में लगी पुलिस
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : दुर्गा पूजा के पहले एक के बाद एक चोरी की घटनाओं से शहर में आतंक का माहौल है। एक ही महीने के भीतर चोरी की कई घटनाओं से शहरवासी सकते में हैं। सोमवार सुबह शहर के हाकिमपाड़ा इलाके में चोरी की एक और घटना सामने आई है। चोर घर से 100 वर्षो से भी अधिक पुराने तांबा व कांसे करीब डेढ़ क्विंटल बर्तन के साथ सोने के गहने और नगदी उड़ा ले गए। पीड़ित परिवार ने सिलीगुड़ी थाना अंतर्गत पानीटंकी टाउन आउट पोस्ट में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित हाकिमपाड़ा निवासी विकास पाल हाल में ही अपने नए मकान में आए हैं। पहले इनकी टीन की छत वाली मकान थी। पुराने वाले घर से सारा सामान भी नए घर में नहीं ले गए हैं। तांबा व कांसा के बर्तनों से भरे चार बड़े ट्रंक, दो अल्मारी आदि टीन के ही घर में रख छोड़ा था। सोमवार सुबह विकास पाल रोजाना की तरह पंप की स्वीच ऑन करने पुराने घर पहुंचे। दरवाजे का ताला टूटा देखकर उन्हें संदेह हुआ। घर में प्रवेश करते ही वे दंग रह गए। दोनों अल्मारी व चारों ट्रंक खुला पड़ा था। चोरों ने बर्तनों से भरे ट्रंक व अल्मारी को साफ कर दिया था। इसके बाद उन्होंने घटना की शिकायत पानीटंकी टाउन आउट पोस्ट में की। विकास पाल ने बताया कि चारों ट्रंक में तांबा व कांसा के बर्तन भरे थे। 100 वर्षो से भी अधिक पुराने बर्तन उनके पुर्वजों की निशानी थी। चारों ट्रंक में डेढ़ क्विंटल से अधिक बर्तन होने की बात उन्होंने कही। इसके अतिरिक्त दोनों अल्मारी में नए कपड़ो के अलावा कुछ गहने व नगदी भी थी। यहां बता दें कि करीब एक महीने पहले इसी इलाके में चोरी की एक और घटना हुई थी। उस घटना में घर में प्रवेश करते और निकलते समय बदमाश सीसीटीवी में कैद हुए थे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इलाकाई लोगों ने बदमाशों की धुनाई भी की थी। सोमवार को सामने आई चोरी की इस घटना की जांच के लिए पुलिस ने इलाके में लगे कई सीसीटीवी फुटेज जुगाड़ कर रही है।