पहाड़ के विकास के लिए राज्य से अच्छा संबंध जरूरी
हाल के दिनों में जीटीए के चेयरमैन बने गोजमुमो नेता अनित थापा ने कहा कि पूर्व में पहाड़ के नेताओं का राज्य सरकार के साथ संबंध अच्छा था।
दार्जिलिंग, संवाद सूत्र। हाल के दिनों में जीटीए के चेयरमैन बने गोजमुमो नेता अनित थापा ने कहा कि पूर्व में पहाड़ के नेताओं का राज्य सरकार के साथ संबंध अच्छा था, लेकिन खुले में सरकार की आलोचना करना लोगों को एक अलग परिदृश्य दिखाया।
गुरुवार को गोरखा दुख निवारक सम्मेलन हॉल में आयोजित हिमालयन ट्रांसपोर्ट की मीटिंग में जीटीए चेयरमैन अनित थापा ने कहा कि राज्य सरकार के साथ अच्छा संबंध रखकर पहाड़ के विकास के लिए काफी काम किया जा सकता था। पहले के नेताओं का पहाड़ियों से अच्छा रिश्ता था लेकिन आंतरिक रूप से सरकार का विरोध करना लोगों को नहीं भाया। इस कारण माहौल पहाड़ के नेताओं के खिलाफ बन गया।
दिल्ली को पहाड़ की जनता ने दस साल दिया लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। पुलिस अत्याचार का आरोप लगाया जाता है। कुछ लोग प्रशासन के खिलाफ बोलते हैं, पर इससे समस्या और जटिल होती गई। उक्त समस्याओं के समाधान के लिए आपस में चर्चा की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि वे लोग आश्वासन या सपना दिखाकर नहीं बल्कि वास्तविकता पर काम कर रहे हैं। राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने पर पहाड़ का चौमुखी विकास संभव है। आपस में लड़ाई करने से समस्या कभी नहीं सुलङोगी। अनित थापा ने कहा कि चुनाव समाप्त होने के बाद एक बैठक की जाएगी। इसमें चालक संघ व पुलिस प्रशासन के अधिकारी शामिल होंगे। फिर चर्चा के माध्यम से सभी शिकायतों व समस्याओं का हल निकाला जाएगा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप