10 साल की बच्ची से दुष्कर्म, एक गिरफ्तार
निर्मल उसे किसी बहाने से अपने घर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। रोती हुई बच्ची घर लौटी और परिजनों को आपबीती सुनाई।
संवाद सूत्र, बैरकपुर । उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव और नदिया जिले के नवद्वीप में गुरुवार रात दो बच्चियों से दुष्कर्म की वारदात हुई। उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव इलाके में गोपालपुर थानांतर्गत महतपुर में एक युवक ने पड़ोस में रहने वाली 10 साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपित का नाम कालू है। उसके खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार है। पीडि़ता का बनगांव महकमा अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात बच्ची की मां दूसरे के घर में खाना पकाने का काम करने गई थी। बच्ची घर में अकेली थी। मौके का फायदा उठाकर कालू उसके घर में घुसा और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है। उसकी जोर-शोर से तलाश की जा रही है। दूसरी ओर नदिया जिले के नवद्वीप थानांतर्गत कपालीपाड़ा के वाशिंदा निर्मल मंडल को 10 वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। निर्मल पेशे से राजमिस्त्री है। शुक्रवार को उसे नवद्वीप कोर्ट में पेश किया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक चार सितंबर की शाम बच्ची मुहल्ले में दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। निर्मल उसे किसी बहाने से अपने घर ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। रोती हुई बच्ची घर लौटी और परिजनों को आपबीती सुनाई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा।