विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजवंशी प्रतिनिधियों के साथ CM शुभेंदु की बैठक, भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने का आश्वासन

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:30 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कूचबिहार में राजवंशी समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जहां उन्होंने समाज के विकास, भाषा, संस्कृति और आर्थिक स्थिति में सुधार का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने राजवंशी समाज के विकास का आश्वासन दिया (फोटो- जागरण)

मुख्यमंत्री ने राजवंशी समाज के विकास का आश्वासन दिया (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने राजवंशी समाज के विकास का आश्वासन दिया

  2. राजवंशी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने पर चर्चा हुई

  3. भूमि सुधार और अवैध घुसपैठ के मुद्दे भी उठाए गए

संवाद सूत्र, कूचबिहार। कूचबिहार दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राजवंशी समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राजवंशी समाज के विकास, भाषा, संस्कृति, शिक्षा और आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए काम करने का आश्वासन दिया।

बुधवार को कूचबिहार के लैंसडाउन हाल में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य निशिथ प्रमाणिक, मालती राभा राय, दीपक बर्मन, आनंदमय बर्मन, विधायक अजय राय, ग्रेटर नेता वंशीबदन बर्मन, कूचबिहार रायल फैमिली के प्रवक्ता कुमार मृदुल नारायण और विश्व राजवंशी विकास मंच के अध्यक्ष पार्थ बर्मन सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने राजवंशी समाज के विकास का आश्वासन दिया

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राजवंशी समाज ने वर्ष 2019 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है। उनकी भाषा, संस्कृति, आर्थिक स्थिति और राजनीतिक भागीदारी को लेकर सरकार गंभीर है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले राज्य मंत्रिमंडल में राजवंशी समाज को इतना प्रतिनिधित्व माकपा या तृणमूल कांग्रेस की सरकारों ने नहीं दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि रास मेले के उद्घाटन के लिए इससे पहले किसी मुख्यमंत्री के आने की जानकारी उन्हें नहीं है।

मुख्यमंत्री ने राजवंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के मुद्दे पर कहा कि चुनावी संकल्प पत्र में जो वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राजवंशी और कामतापुरी भाषा के नाम को लेकर अलग-अलग सुझाव सामने आए हैं। इन सुझावों को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय करेगा।

उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री और केंद्रीय गृह सचिव के साथ उनकी बैठक हुई थी। उस दौरान भी इस मुद्दे को जल्द आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई थी।

बैठक में राजवंशी समाज की 29 प्राचीन इमारतों के विकास, राजवंशी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए आर्थिक सहायता, लोक कलाकारों को भत्ता उपलब्ध कराने और प्रवासी मजदूरों को वापस लाकर रोजगार देने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

राजवंशी की जमीन लेकर अवैध मुस्लिम घुसपैठियों को दी गई

भूमि सुधार कानून को लेकर मुख्यमंत्री ने माकपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बैठक में कुछ लोगों ने शिकायत की कि एक समय उनके पास जमीन का स्वामित्व था, लेकिन बाद में उनकी जमीन उनसे छिन गई। मुख्यमंत्री ने इसके लिए मुख्य रूप से माकपा को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने आरोप लगाया कि बर्गादारी कानून के तहत भूमि सुधार लागू करने के दौरान राजवंशी और अन्य स्थानीय समुदायों की जमीन लेकर बांग्लादेश से आए अवैध मुस्लिम घुसपैठियों को दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुरानी घटनाओं को अब बदला नहीं जा सकता, लेकिन वर्तमान सरकार अपनी ओर से जो संभव होगा, वह करेगी।

बैठक के बाद कूचबिहार रायल फैमिली के प्रवक्ता कुमार मृदुल नारायण और विश्व राजवंशी विकास मंच के अध्यक्ष पार्थ बर्मन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ एक महीने के भीतर यह उनकी दूसरी बैठक थी।

बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा हुई, उससे वे आशावादी हैं। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने कम समय में सभी विषयों को सुना और उन पर जवाब देने का प्रयास किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।