बंगाल के कूचबिहार में ISI एजेंट होने के संदेह में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, पुलिस और खुफिया एजेंसियां कर रहीं पूछताछ
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का एजेंट होने के संदेह में एक बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सलीम को चेंगड़ाबांधा सीमा से गिरफ्तार किया गया है।

आईएसआई एजेंट के संदेह में बंगाल से बांग्लादेशी गिरफ्तार। (फोटो- सांकेतिक, जागरण)
HighLights
बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सलीम को ISI एजेंट के शक में पकड़ा।
चेंगड़ाबांधा सीमा से लौटते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस और खुफिया विभाग मेखलीगंज थाने में पूछताछ कर रहे हैं।
जागरण संवाद सू्त्र, कूचबिहार। बंगाल में कूचबिहार जिले के चेंगड़ाबांधा सीमा से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ का एजेंट होने के संदेह में पुलिस ने गुरुवार को एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मोहम्मद सलीम (30) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सलीम कुछ दिन पहले टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। गुरुवार को चेंगड़ाबांधा सीमा के रास्ते बांग्लादेश लौटने के दौरान उसे पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि खुफिया विभाग के अधिकारियों को पहले से ही उसके संबंध में जानकारी मिली थी।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। उसे मेखलीगंज थाने ले जाया गया। पुलिस और खुफिया विभाग के अधिकारी यहीं उससे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस इस मामले में कुछ नहीं कहना चाह रही है।