पुलिस जवानों ने की युवक की पिटाई, इलाजरत
दुर्गापुर : दुर्गापुर शहर के न्यूटाउनशिप थानांतर्गत सूर्यसेन पल्ली निवासी पवन गोराई की पिटाई का आरो
दुर्गापुर : दुर्गापुर शहर के न्यूटाउनशिप थानांतर्गत सूर्यसेन पल्ली निवासी पवन गोराई की पिटाई का आरोप पुलिस जवानों पर लगा है। बेरहमी से पिटाई के कारण उसके सिर एवं नाक पर गंभीर चोट आयी। जिससे उसके नाक से खून भी निकलने लगा। परिवार वालों ने उसे इलाज के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती करवाया है। वहीं पुलिस द्वारा पिटाई किए जाने की घटना के खिलाफ दुर्गापुर के पुलिस उपायुक्त से परिजनों ने शिकायत की है।
सूर्यसेन पल्ली निवासी पवन की पत्नी एवं उसके भाई की पत्नी के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा था। शुक्रवार की दोपहर भी दोनों में विवाद हुआ था। जिसकी सूचना पड़ोस की एक महिला ने पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर न्यूटाउनशिप थाना की पुलिस पहुंची। जिसके बाद पुलिस जवानों द्वारा पवन की पिटाई का आरोप लगा। पवन ने बताया कि तीन पुलिस जवानों ने मेरी पिटाई की, जिससे सिर एवं नाक में चोट आने से खून निकलने लगा। जिससे मैं वहां गिर पड़ा। उसके बाद परिवार वालों ने मुझे अस्पताल में भर्ती करवाया। पवन की मां मंगला गोराई ने कहा कि पुलिस को किसी की पिटाई करना ठीक नहीं है। जब पुलिस आयी तो पवन घर के अंदर था, विवाद के कारण पुलिस हमलोगों को पकड़कर ले जाना चाह रही थी। तभी पवन आकर पुलिस अधिकारियों से बात करने लगा, तभी उनलोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पवन के भाई तपन गोराई ने कहा कि इस घटना की शिकायत पुलिस उपायुक्त से की है।
---------------
कोट : पुलिस द्वारा एक व्यक्ति की पिटाई मामले की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
अभिषेक मोदी, पुलिस उपायुक्त, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट