विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में धर्म के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक का बोर्ड लगाकर विवाद में घिरी भाजपा, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हटाया

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:26 PM (IST)

बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले में धर्म के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने वाले विवादित बोर्ड को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बोर्ड हटाया।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बोर्ड हटाया।

HighLights

  1. पूर्व बर्द्धमान में धर्म के आधार पर जमीन बिक्री पर रोक।

  2. विवादित बोर्ड लगाने से राजनीतिक विवाद खड़ा हुआ।

  3. पुलिस हस्तक्षेप के बाद स्थानीय भाजपा नेताओं ने बोर्ड हटवाया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले में धर्म के आधार पर जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने वाले विवादित बोर्ड को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आउसग्राम और मंगलकोट की सीमा पर स्थित गोविंदपुर और रघुनाथपुर गांवों में स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बोर्ड लगाकर हिंदुओं की जमीन मुसलमानों को बेचने पर रोक लगाने की घोषणा कर दी।

मामला सामने आने के बाद भाजपा विरोधियों के निशाने पर आ गई। विवाद बढ़ने और पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद स्थानीय भाजपा नेताओं ने बोर्ड हटवा दिया। भाजपा ने इसे पार्टी का निर्णय मानने से इनकार किया है।

बर्द्धमान-शिउड़ी 114 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुसकरा से बोलपुर जाने वाले रास्ते में एक ओर आउसग्राम का गोविंदपुर और दूसरी ओर मंगलकोट का रघुनाथपुर गांव है। केशवपुर बस स्टैंड से शिवबाटी गांव के मोड़ तक करीब डेढ़ किलोमीटर के इलाके में जमीन की काफी मांग है। यहां पिछले कुछ वर्षों में कई कारोबारियों ने जमीन खरीदी है। कुछ जगहों पर मकान और व्यावसायिक इमारतें भी बन चुकी हैं।

स्थानीय लोगों के एक वर्ग का दावा है कि पिछले करीब दस वर्षों से दूसरे इलाकों के मुस्लिम कारोबारी यहां ऊंची कीमत देकर जमीन खरीद रहे हैं। इसी प्रवृत्ति को रोकने के उद्देश्य से शनिवार रात कुछ लोगों ने सड़क किनारे बोर्ड लगा दिए। उन पर लिखा था कि हिंदुओं की जमीन किसी मुसलमान को नहीं बेची जाएगी। पहले से खरीदी गई जमीन पर भी मुसलमान मकान या दुकान नहीं बना सकेंगे।

बोर्ड के नीचे 'हिंदू एकता जिंदाबाद' लिखा था और इसे गोविंदपुर व रघुनाथपुर के ग्रामीणों के नाम से लगाया गया था।

भाजपा ने पल्ला झाड़ा, मंडल अध्यक्ष ने खुद हटवाया बोर्ड

रविवार सुबह मामला सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया। विपक्षी दलों ने आरोप लगाया कि इस तरह के बोर्ड लगाने के पीछे भाजपा का समर्थन है। हालांकि, आउसग्राम चार नंबर मंडल के भाजपा अध्यक्ष सुदीप्त मुखोपाध्याय ने पार्टी की भूमिका से इनकार किया। उनका कहना है कि यह कुछ ग्रामीणों का व्यक्तिगत फैसला था। उन्होंने ग्रामीणों को ऐसा कदम नहीं उठाने की सलाह भी दी थी।

उनके अनुसार, कुछ लोगों ने किसी के उकसावे में आकर बोर्ड लगा दिया होगा। सुदीप्त ने कहा कि उनकी पार्टी दोनों समुदायों के बीच सौहार्द बनाए रखना चाहती है। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थानीय भाजपा नेताओं से इस मामले में जानकारी मांगे जाने के बाद सुदीप्त कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और विवादित बोर्ड हटवा दिया।

इस बीच, जिला भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के एक अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जमीन की खरीद-बिक्री पर धर्म के आधार पर कोई प्रतिबंध नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों के नाम पर लगाए गए इन बोर्डों की वैधता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।