रेल यात्रियों से फिर गुलजार होगा पलास्थली स्टेशन
आसनसोल झारखंड के पलास्थली स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आ
आसनसोल : झारखंड के पलास्थली स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आने वाले दिनों में इस स्टेशन पर भी ट्रेन की सिटी सुनाई देगी। पिछले 20 सालों से इस स्टेशन तक ट्रेनों का परिचालन सुरक्षा के दृष्टिकोण से बंद है। शनिवार को आसनसोल मंडल के रेल पदाधिकारियों एवं झारखंड सरकार के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से पलास्थली स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक व भू धंसान स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान झारखंड सरकार के ट्रांसपोर्ट सचिव के रवि कुमार, झारखंड रेल आधारिक संरचना विकास निगम के निदेशक एके सिंह, आसनसोल रेल मंडल के वरिष्ठ अभियंता समन्वय कौशलेंद्र कुमार, जामताड़ा के डीसी सैयद अहमद मुमताज आदि उपस्थित थे। झारखंड रेल आधारिक संरचना विकास निगम के निदेशक ने कहा पलास्थली स्टेशन को चालू करने के लिए झारखंड सरकार के प्रतिनिधि, मंडल रेल प्रशासन, ईसीएल ने संयुक्त रूप से स्टेशन के समीप ट्रैक व भू धंसान इलाके का जायजा लिया। इससे संबंधित रिपोर्ट झारखंड सरकार को दी जाएगी। सरकार रेलवे बोर्ड को रिपोर्ट भेजेगी, ताकि उक्त स्टेशनों तक ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सके।
बताया जाता है कि इस ट्रैक पर रेल परिचालन को लेकर झारखंड सरकार काफी गंभीर है तथा झारखंड सरकार ने इस संबंध में रेलवे प्रशासन से पत्राचार भी पूर्व में किया था। मौके पर मंडल के अभियंता चतुर्थ वंदना सिन्हा सहित जामताड़ा जिले के नाला प्रखंड के पदाधिकारी व स्थानीय रेल प्रशासन के लोग उपस्थित थे। 20 साल से बंद है स्टेशन व ट्रैक पर ट्रेनों का परिचालन
आसनसोल रेल मंडल के वरिष्ठ अभियंता समन्वय कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि पांडेश्वर-भीमगढ़ रूट का रेलवे ट्रैक वर्ष 1920 में बना था। उक्त रूट में पलास्थली स्टेशन के समीप कोयला खनन के कारण कई जगहों पर भू धंसान होने के कारण रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे लगभग 20 वर्ष पूर्व पलास्थली स्टेशन को बंद कर ट्रैक पर रेल परिचालन रोक दी गई थी।