हाजी हत्याकांड के आरोपित तक नहीं पहुंच सकी पुलिस
आसनसोल बर्नपुर में हुए हाजी फरीद आलम हत्याकांड के दो साल बाद भी इस कांड के मुख्य आरोि
आसनसोल : बर्नपुर में हुए हाजी फरीद आलम हत्याकांड के दो साल बाद भी इस कांड के मुख्य आरोपित महेश शर्मा को पुलिस पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाई है। पुलिस आज तक यह भी पता नहीं लगा सकी है कि वह कहां है। महेश सिंह की गिरफ्तारी न होने से इस मामले के ट्रायल में विलंब हो रहा है। धर्मपुर निवासी हाजी फरीद आलम की हत्या चार सितंबर 2018 की शाम सात बजे बर्नपुर क्लब के सामने गोली मारकर कर दी गई थी। इस मामले में हीरापुर थाना पुलिस ने कुल्टी निवासी संतोष चौधरी, नवीन सिंह को गिरफ्तार किया था। जिन्हें कोलकाता हाईकोर्ट ने 14 माह बाद जमानत पर रिहा किया था। इस मामले का मुख्य एवं हीरापुर थाना का वांछित अपराधी महेश शर्मा जो बर्नपुर के शांतिनगर का निवासी है, आज तक फरार है। यह मामला फिलहाल आसनसोल की विशेष अदालत में लंबित है। पुलिस ने इस मामले में आसनसोल अदालत में तीन लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। जिसमें आरोपित नवीन सिंह एवं संतोष चौधरी फिलहाल जमानत पर है। जबकि आरोपित महेश शर्मा को भगोड़ा दिखाया गया है एवं उसके खिलाफ वारंट लंबित है। महेश शर्मा की गिरफ्तारी न होने से इस मामले के ट्रायल की कानूनी प्रक्रिया में देरी हो रही है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम अनामित्रा दास ने बताया कि इस मामले का ट्रायल आसनसोल अदालत में सुचारू रूप से कराया जाएगा, महेश शर्मा का वारंट लेकर पुलिस दूसरे राज्यों की पुलिस से संपर्क में है।
2014 में पुलिस ने किया था गिरफ्तार
2014 में हीरापुर थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी अभिजीत चटर्जी ने धर्मपुर गेट पर बम फेंकने एवं गोली चलाने के मामले में महेश शर्मा को गिरफ्तार किया था। इस मामले में अदालत से जमानत मिलने के बाद महेश शर्मा फरार हो गए एवं आज तक पुलिस के हाथ में नहीं आया।
महेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाएगी पुलिस
यह घटना दो साल पुरानी है, फिर भी इस मामले की पूरी जानकारी लेकर वह इस मामले के मुख्य आरोपित महेश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाएंगे। अपराधी चाहे कोई भी हो वह कानून के हाथों से नहीं बचेगा। महेश शर्मा की गिरफ्तारी के खिलाफ पुलिस अभियान चलाकर उसे सलाखों के पीछे पहुंचाएगी।
सुकेश कुमार जैन, पुलिस आयुक्त