दयनीय कानून व्यवस्था को माकपा ने खोला मोर्चा
दुर्गापुर : माकपा ने शहर में कानून व्यवस्था की दयनीय स्थिति के खिलाफ पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया
दुर्गापुर : माकपा ने शहर में कानून व्यवस्था की दयनीय स्थिति के खिलाफ पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार की संध्या दुर्गापुर के कोकोवेन थाना के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसमें काफी संख्या में माकपा समर्थक शामिल हुए। जुलूस का नेतृत्व माकपा के जिला कमेटी सदस्य पंकज राय सरकार ने किया एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया गया। पंकज राय सरकार ने कहा कि पुलिस वर्तमान समय में केवल सत्तारूढ़ दल के इशारे पर चल रही है। जिसका नतीजा है कि शहर में आपराधिक घटना बढ़ती जा रही है। कोकोवेन इलाके में अवैध सट्टा, जुआ, शराब बिक्री का कारोबार चल रहा है। शासक दल द्वारा ¨सडिकेट राज, दादागिरी चलाई जा रही है, उस पर भी पुलिस खामोश है। कारखाना से आए दिन चोरी की घटना हो रही है। लेकिन पुलिस उस पर रोक के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। आए दिन हत्या, लूट की वारदात हो रही है, जिस पर अंकुश लगाने में पुलिस विफल रही है। एटीएम, बैंक व पेट्रोल पंप के समीप पुलिस की गश्ती बढ़ाने की मांग भी की गई। मौके पर सिद्धार्थ बसु समेत कई लोग मौजूद थे।