लेनदेन के विवाद में युवक का अपहरण, तीन गिरफ्तार
बेनाचिति दुर्गापुर शहर के मूचीपाड़ा में कंसल्टेंसी कार्यालय के पार्टनर में लेनदेन को लेक
बेनाचिति : दुर्गापुर शहर के मूचीपाड़ा में कंसल्टेंसी कार्यालय के पार्टनर में लेनदेन को लेकर विवाद हुआ। जिसमें अपहरण की घटना हुई। लेकिन अपहरण के कुछ घंटे के बाद ही पुलिस ने अपहृत को बरामद कर लिया एवं तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों का नाम बर्द्धमान निवासी ध्रुवज्योति बसु, सुमन साहा व भुवन गोस्वामी है।
बताया जाता है कि शुक्रवार की बराकर निवासी अजीतेश मंडल और ध्रुव पार्टनर थे। इन लोगों ने मूचीपाड़ा में एक कंसल्टेंसी कार्यालय खोला था। जहां से युवकों को मेडिकल समेत अन्य जगहों में भर्ती के लिए सलाह देते थे। अनुमान किया जा रहा है कि आपस में लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। अजीतेश मूचीपाड़ा स्थित एक होटल में ही ठहरता था। शुक्रवार की संध्या तकरीबन सात बजे ध्रुव अपने तीन साथियों के साथ होटल में पहुंचा। होटल मैनेजर से अजीतेश के बारे में पूछा। तभी ध्रुव व उसके साथ आए दो युवक अजीतेश को इनोवा गाड़ी में बैठा कर बर्द्धमान की चल दिए। होटल मैनेजर को संदेह हुआ तो उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी सक्रिय हो गई एवं घटना की जानकारी सभी थाना पुलिस को दी। कुछ घंटों के बाद इनोवा गाड़ी को बर्द्धमान में पुलिस ने पकड़ लिया। कांकसा पुलिस वहां पहुंची एवं सभी को लेकर आई। पुलिस ने ध्रुव, उसके बॉडी गार्ड सुमन साहा एवं गाड़ी चालक भुवन गोस्वामी को गिरफ्तार किया। शनिवार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से पुलिस ने ध्रुव को दो दिनों के रिमांड पर ले लिया।
पुलिस का कहना है कि आपस में दोनों का लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, उसी विवाद में यह घटना हुई थी। रिमांड अवधि में पूछताछ कर घटना का खुलासा किया जाएगा।