जैक की मदद से बढ़ाई जा रही मकान की ऊंचाई
आसनसोल : आधुनिक तकनीक के दौर में असंभव को भी संभव कर देने की क्षमता है, इसी तरह की घट
आसनसोल : आधुनिक तकनीक के दौर में असंभव को भी संभव कर देने की क्षमता है, इसी तरह की घटना का गवाह बने आसनसोल के मोहिशीला कॉलोनी सनव्यू पार्क के लोग, जहां एक मकान को बिना तोड़े ही चार फुट उंचाई बढ़ाने का काम शुरू किया गया। यहां शिक्षक विकास साधु के मकान की उंचाई बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक से किए जा रहे कार्य को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हरियाणा की संस्था के 26 कर्मी 150 जैक की मदद से इस कार्य को अंजाम देने में जुटे हुए हैं। हर कोई 1750 वर्ग फीट के दो मंजिला मकान की उंचाई बढ़ाने की तकनीक को देखकर अचंभित है। विकास साधु ने बताया कि 2003 में उन्होंने यहां मकान बनाया था। बाद में यहां सड़कें एवं नाली का निर्माण होने के बाद उनका मकान सड़क से नीचे हो गया। जिसके कारण बरसात के समय गंदा पानी घर में घुसने लगा। 2-3 साल से इस समस्या से जूझने के बाद उन्होंने घर को बिना तोड़े उंचाई बढ़ाने की तकनीक के लिए आनलाइन खोजबीन शुरू की। इसके बाद हरियाणा की एक विशेषज्ञ संस्था से संपर्क हुआ। संस्था की ओर से घर को बिना तोड़े एवं क्षति पहुंचाए उंचाई बढ़ाने का आश्वासन दिया गया। इसके लिए उनके साथ लिखित समझौता भी किया। इसके लिए संस्था ने पांच लाख रुपये की मांग की है। गुरुवार से संस्था के 26 कर्मी 150 जैक की सहायता से मकान की उंचाई बढ़ाने में जुट गए हैं। संस्था के सुपरवाइजर कृष्ण कुमार ने बताया कि रोजाना एक फीट कर के उंचाई बढ़ाई जाएगी। इस तरह चार दिन में चार फीट उंचाई बढ़ाई जाएगी। उनलोगों के पास 13 फीट तक उंचाई बढ़ाने और 500 फीट तक मकान को हटाकर ले जाने की तकनीक है।