शराब चोरी का श्रमिक पर लगा आरोप, दे दी जान
शराब चोरी का श्रमिक पर लगा आरोप दे दी जान
शराब चोरी का श्रमिक पर लगा आरोप, दे दी जान
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर : पानागढ़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक शराब कारखाने के एक श्रमिक ने अपने घर में आत्महत्या कर ली। श्रमिकों ने कारखाना प्रबंधन पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया एवं मुआवजा देने की मांग करते हुए बुदबुद कोटा अंचल के कारखाने के समक्ष प्रदर्शन किया। जिसकी सूचना मिलने पर बुदबुद थाना की पुलिस पहुंची। पुलिस ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। कोटा गांव निवासी 26 वर्षीय मिठुन घोरूई का शव उसके घर में मंगलवार संध्या फंदा से लटकता मिला। जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। कारखाना के कुछ श्रमिकों व स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मिठुन मंगलवार को कारखाने में गया था। उस समय प्रबंधन ने उस पर शराब चोरी का आरोप लगाया एवं उसे वापस भेज दिया। घर आकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। मां फुलटुसी घोरूई ने कहा कि घटना के वक्त वह घर में नहीं थी। संध्या समय जब घर पहुंची तो देखा कि बेटे का शव फंदा से लटक रहा है। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा कभी चोरी नहीं कर सकता है। काम से हटा देने के कारण उसने आत्महत्या की है। घटना की जानकारी मिलने पर सुबह से ही श्रमिकों ने कारखाने के समक्ष प्रदर्शन शुरू कर दिया। श्रमिकों ने कहा कि वह अपनी मां के साथ रहता था। प्रबंधन के कारण ही उसने जान दी है। सीटू जिला कमेटी के सदस्य कोहिनूर गांगुली ने कहा कि पूरे मामले की जांच करनी चाहिए। कारखाना प्रबंधन को उचित मुआवजा भी देना चाहिए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।