भाजपा पंचायत सदस्यों ने तृकां का दामन थामा
सांकतोड़िया : रघुनाथपुर एक नंबर ब्लॉक के खजुरा ग्राम पंचायत के भाजपा सदस्य प्रतिमा सूत्रधर अ
सांकतोड़िया : रघुनाथपुर एक नंबर ब्लॉक के खजुरा ग्राम पंचायत के भाजपा सदस्य प्रतिमा सूत्रधर और आदित्य मंडल ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। मौके पर रघुनाथपुर विधायक पूर्ण चंद्र बाउरी ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया। सोमवार को खाजुरा ग्राम पंचायत के चुने गए प्रतिनिधियों में भाजपा के एक भी सदस्य के उपस्थित नहीं होने के कारण बोर्ड का गठन नहीं हो सका था। इसी बीच मंगलवार को खाजुरा ग्राम पंचायत के भाजपा के जीते सदस्य आदित्य मंडल और प्रतिमा सूत्रधर सहित करीब 100 समर्थक विधायक पूर्णचंद्र बाउरी का हाथ पकड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। विधायक ने उन्हें पार्टी का झंडा थमाकर स्वागत किया।
इस दौरान आदित्य मंडल ने कहा कि भाजपा के साथ रहकर विकास कार्य करना मुश्किल है। ममता बनर्जी का हाथ मजबूत कर उन्नयन मूलक कार्य करूंगा।
विधायक पूर्ण चंद्र बाउरी ने कहा कि ये लोग कुछ गलत फहमी के कारण बीजेपी में शामिल हुए थे। भूल समझ आने के बाद तृकां में शामिल होने की इच्छा जताई तो उनका पार्टी में स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जो लोग तृणमूल छोड़कर भाजपा में गए हैं एवं अपनी भूल समझ कर आना चाहते हैं उनका स्वागत है। दूसरी ओर भाजपा के राज्य महासचिव सायंतन बसु ने कहा कि पुलिस और माफियाओं के दम पर तृकां नेता डरा-धमका कर भाजपा प्रतिनिधियों को अपने दल में जबरदस्ती शामिल करा रहे हैं। इससे साबित होता है कि राज्य में लोकतंत्र का कोई नामोनिशान नहीं है। वहीं माना जा रहा है कि पंचायत बोर्ड गठन में हो रहे विलंब के कारण अभी और पंचायत बोर्ड में उलट फेर हो सकता है।