ब्राह्मणों को एकसूत्र में बांधने का प्रयास
ब्राह्मणों को एकसूत्र में बांधने के लिए राजस्थान के झुंझनु लोहार्गल धाम से निकली श्रीपरशुराम यात्रा गुरुवार को आसनसोल पहुंची। जीटी रोड स्थित महावीर स्थान में आसनसोल महावीर स्थान सेवा समिति की ओर से इस यात्रा का स्वागत किया गया।
जागरण संवाददाता, आसनसोल: ब्राह्मणों को एकसूत्र में बांधने के लिए राजस्थान के झुंझनु लोहार्गल धाम से निकली श्रीपरशुराम यात्रा गुरुवार को आसनसोल पहुंची। जीटी रोड स्थित महावीर स्थान में आसनसोल महावीर स्थान सेवा समिति की ओर से इस यात्रा का स्वागत किया गया। यह यात्रा 5 मार्च 2017 को शुरू हुई थी। ब्रह्म परशुराम अखाड़ा के अध्यक्ष सह विश्व ब्राह्मण महापरिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष आचार्य राजेश्वर जी महाराज ने मंदिर में आसनसोल के ब्राह्मण समाज के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि परशुराम जी भगवान नारायण के छठे अवतार हैं। यात्रा का उद्देश्य लोगों को परशुराम जी के जीवन से परिचित कराना है। उनके जीवन को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की भ्रांतियां हैं। श्री परशुराम को लोग क्रोधी और क्षत्रिय विहीन के रूप में जानते है जो पूरी तरह से सत्य नहीं हैं। वास्तविकता यह है कि वे एक सौम्य ऋषि है और धर्म की स्थापना के लिए ही परशुराम बने हैं। वेद पढ़ना और पढ़ाना उनका काम हैं। चारों वेद के ज्ञाता ऋषि जो धनुष को पीछे रखते हो भला वे क्रोधी कैसे हो सकते हैं।
..............
एक लाख 11 किमी की दूरी तय होगी
आसनसोल: राजेश्वर जी महाराज ने कहाकि यात्रा की शुरुआत 5 मार्च 2017 को हुई इसका समापन हरियाणा के कुरुक्षेत्र होते हुए नई दिल्ली में होगा। इस दौरान एक लाख 11 हजार किमी. की दूरी तय की जाएगी जो सड़क मार्ग से तय की जाने वाली राष्ट्र में अब तक की सबसे लंबी दूरी हैं। अब तक 14 जिलों की 48 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा पूरी की जा चुकी है जो देश की सबसे लंबी यात्रा हैं। गिनीज और लिम्का वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड में यह यात्रा दर्ज होने जा रही है जो ब्राह्मणों के लिए गर्व की बात हैं। विदेशों में भी यात्रा निकालने की तैयारी की जा रही हैं। नेपाल, भूटान और मॉरीशस में यात्रा की तैयारी हो चुकी है। चौदह अन्य देशों से भी आमंत्रण आ चुका हैं। कहा कि देश में 11 करोड़ ब्राह्मण है जिन्हें यात्रा के माध्यम से संगठित किया जा रहा हैं। यह ब्राह्मणों की ओर से निकाली गई अब तक की पहली यात्रा है जहां देश के अलग अलग हिस्सों में रहने वाले ब्राह्मणों को एक मंच के नीचे लाया जा रहा हैं। एक हेल्प लाइन नम्बर जारी की जाएगी जिससे ब्राह्मण एक-दूसरे के सम्पर्क में आ सकेंगे। मौके पर समिति के सचिव सह आसनसोल ब्राह्मण युवा मंच के अरुण शर्मा, जगदीश शर्मा, सुभाष पारीक, रवि शर्मा, गोविद शर्मा, शंभूनाथ झा, तुलसी तिवारी, प्रमोद पाठक आदि मौजूद थे।