Asansol News: अब नदियों-तालाबों में नहीं फेंके जाएंगे पूजा के फूल, एसएचजी की महिलाएं बनाएंगी अगरबत्ती व गुलाल
आसनसोल नगर निगम पूजा के फूलों को नदियों में फेंकने से रोकने के लिए एक नई योजना शुरू कर रहा है। इन फूलों को घरों से इकट्ठा कर महिलाएं अगरबत्ती और हर्बल गुलाल बनाएंगी।

आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में धार्मिक फूलों के कचरे को घर-घर से एकत्र कर उससे सुगंधित अगरबत्ती और हर्बल गुलाल तैयार करने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई गई है।
HighLights
पूजा के फूलों को अब नदियों में नहीं फेंका जाएगा।
विशेष वाहन घरों से फूल एकत्र कर अगरबत्ती बनाएंगे।
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा रोजगार और आय।
जासं, आसनसोल। अब पूजा-अर्चना के बाद देवी-देवताओं को अर्पित किए गए फूलों को तालाबों या नदियों में प्रवाहित करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
आस्था से जुड़े इन फूलों को अब नया जीवन दिया जाएगा। आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में धार्मिक फूलों के कचरे को घर-घर से एकत्र कर उससे सुगंधित अगरबत्ती और हर्बल गुलाल तैयार करने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई गई है।
इस व्यवस्था के तहत नगर निगम के सभी 106 वार्डों में सप्ताह में एक दिन विशेष वाहन पहुंचेगा और घरों से पूजन में प्रयुक्त फूलों का संग्रह करेगा।
इस पहल से एक ओर जहां जलस्रोतों को प्रदूषित होने से बचाया जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर फूलों के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) से स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
भक्ति गीतों के साथ घर-घर पहुंचेगा संग्रह वाहन
योजना के अंतर्गत विशेष रूप से तैयार किए गए वाहन प्रत्येक वार्ड में निर्धारित दिन पर पहुंचेंगे। इन वाहनों पर देवी-देवताओं की तस्वीरें लगी होंगी और उन पर भक्ति गीत बजते रहेंगे।
भक्ति संगीत की आवाज सुनकर नागरिक अपने घरों में एकत्र किए गए पूजा के फूल वाहन कर्मियों को सौंप सकेंगे। लोगों से अपील की गई है कि वे पूजा में इस्तेमाल किए गए फूलों को सामान्य कचरे में मिलाने या जलाशयों में फेंकने के बजाय एक पैकेट में अलग सुरक्षित रखें और निर्धारित दिन पर संग्रह वाहन को दें।
स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को मिलेगा रोजगार
इस योजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि एकत्र किए गए फूलों को नष्ट करने के बजाय प्रसंस्कृत कर उपयोगी उत्पादों में बदला जाएगा।
इन फूलों से सुगंधित अगरबत्ती और पर्यावरण के अनुकूल हर्बल गुलाल (अबीर) तैयार किया जाएगा। इस पूरी उत्पादन और प्रसंस्करण प्रक्रिया में स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी स्थानीय महिलाओं को जोड़ा जाएगा।
इससे महिलाओं को नियमित आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।
दक्षिणेश्वर और कालीघाट मंदिर तक विस्तार की तैयारी
इस अभियान की शुरुआत प्रारंभिक चरण में मंदिरों और पूजा पंडालों से फूलों के संग्रह के रूप में की गई थी। इसके पायलट प्रोजेक्ट में कल्याणेश्वरी मंदिर, घाघरबूढ़ी माता मंदिर तथा आसनसोल और बर्नपुर के टाउन पूजा पंडालों को शामिल किया गया था।
अब इस योजना को बड़े धार्मिक स्थलों के साथ-साथ आम घरों तक विस्तारित करने की तैयारी है। प्रस्तावित दायरे में दक्षिणेश्वर मंदिर, कालीघाट मंदिर और नैहाटी के बड़ी मां मंदिर जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल भी शामिल किए जा रहे हैं।
आस्था का सम्मान और पर्यावरण संरक्षण
पूजन के उपरांत फूलों और अन्य सामग्रियों को तालाबों व नदियों में डालने से जल प्रदूषण बढ़ता है, जबकि धार्मिक भावनाओं के कारण लोग इन्हें सामान्य कचरे में डालने से हिचकते हैं।
ऐसे में अलग संग्रह की यह व्यवस्था आस्था के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का एक व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करती है।
शहरी विकास एवं नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे पूजा के फूलों को सामान्य कचरे या तालाबों में न फेंकें, बल्कि अलग पैकेट में रखकर संग्रह वाहन को सौंपें।