प्लेटफार्म बदलने में नहीं छूटेगा दम, सात स्टेशनों पर लगेंगी 12 लिफ्ट: आसनसोल मंडल में यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार
आसनसोल रेल मंडल के सात स्टेशनों पर 2.81 करोड़ रुपये की लागत से 12 लिफ्ट और चार नए फुट ओवरब्रिज लगाए जाएंगे। यह पहल बुजुर्गों, दिव्यांगों और भारी सामान वाले यात्रियों की सुविधा के लिए है, जिससे प्लेटफार्म बदलना आसान होगा।

बदलेगी स्टेशनों की तस्वीर, मानकर में सबसे अधिक चार लिफ्ट लगाने की तैयारी।
HighLights
सात स्टेशनों पर कुल 12 नई लिफ्ट लगेंगी।
कसीताड में रैंप युक्त फुट ओवरब्रिज बनेगा।
2.81 करोड़ रुपये की लागत से होगा काम।
जागरण संवाददाता, आसनसोल। रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफार्म बदलने के लिए सीढ़ियां चढ़ना-उतरना अब बुजुर्गों, दिव्यांगों और बीमार यात्रियों की मजबूरी नहीं रहेगी। भारी सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों और छोटे बच्चों को लेकर चलने वाले परिवारों की राह भी आसान होने वाली है। आसनसोल रेल मंडल ने यात्री सुविधाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
मंडल के सात स्टेशनों पर 12 लिफ्ट लगाई जाएंगी, जबकि चार स्टेशनों पर नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। खास बात यह है कि कसीताड स्टेशन पर बनने वाले फुट ओवरब्रिज में रैंप की सुविधा भी होगी।
जिससे दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को सीढ़ियों की परेशानी से राहत मिलेगी। इन कार्यों पर रेलवे करीब 2.81 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 28 दिसंबर 2026 तय की गई है।
मानकर स्टेशन पर सबसे अधिक चार लिफ्ट
लिफ्ट लगाने की योजना में मानकर स्टेशन को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। यहां चार लिफ्ट लगाई जाएंगी। दुर्गापुर और बासुकीनाथ स्टेशन पर दो-दो, जबकि रानीगंज, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन स्टेशन पर एक-एक लिफ्ट लगाने की तैयारी है।
इस तरह सात स्टेशनों पर कुल 12 लिफ्ट यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध होंगी। इनके शुरू होने के बाद एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों पर निर्भरता कम होगी।
पराज स्टेशन पर बनेगा नया फुट ओवरब्रिज
योजना में पराज स्टेशन पर पुराने फुट ओवरब्रिज की जगह नए फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। वहीं कसीताड स्टेशन पर रैंप की सुविधा से युक्त नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इससे दिव्यांग यात्रियों के साथ बुजुर्गों और चलने-फिरने में परेशानी महसूस करने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म बदलने में सहूलियत होगी।
12 महीने में पूरा करना होगा काम
रेलवे की ओर से 20 नवंबर को टेंडर प्रकाशित किया गया है। निविदा जमा करने की प्रक्रिया 14 दिसंबर से 28 दिसंबर 2026 तक चलेगी। करीब 2.81 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले इन कार्यों को पूरा करने के लिए 12 महीने की समयसीमा निर्धारित की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने, एजेंसी का चयन और कार्यादेश जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।
स्टेशनवार लिफ्ट की संख्या
रानीगंज : 1
जसीडीह : 1
मधुपुर : 1
दुर्गापुर : 2
मानकर : 4
बासुकीनाथ : 2
चित्तरंजन : 1
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।