सीरीज भारत और आस्ट्रेलिया के बीच होने वाली 3 मैचों की एकदिवसीय शृंखला के लिए आस्ट्रेलियाई टीम भारत पहुंच गई है।
विश्व कप से ठीक पहले होने वाली इस सीरीज का पहला मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। यह मुकाबला पंजाब के मोहाली में खेला जाएगा।
आस्ट्रेलिया की टीम अब भारत में करीब एक महीने से अधिक समय बिताएगी क्योंकि अगले महीने विश्व कप की शुरूआत होने वाली है।
भारतीय टीम की तरह की आस्ट्रेलिया की टीम का शेड्यूल भी काफी व्यस्त रहा है। आस्ट्रेलियाई टीम हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के साथ 5 मैचों की एकदिवसीय शृंखला खेलकर आई है जो 17 सितंबर को खत्म हुई है।
वहीं भारतीय टीम इन दिनों एशिया कप में व्यस्त थी और एशिया कप का खिताब भारत ने अपने नाम किया है।
भारत पहुंचते ही आस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया और लिखा कि भारत में हमेशा शानदार स्वागत होता है और सुरक्षा का विशेष इंतजाम होता है।
वार्नर के अलावा बेहतरीन बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने भी टीम के खिलाड़ियों के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कीं, जिसमें वह कॉफी पीते नजर आ रहे हैं।
आपको बता दें कि इस सीरीज का पहला मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा और दूसरा मुकाबला 24 तथा तीसरा मुकाबला 27 सितंबर को खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स और क्रिकेट से जुड़ी ऐसी ही अन्य खबरों के लिए पढ़ते रहें jagran.com