यमुनोत्री के तीर्थ पुरोहितों ने किया बोर्ड का विरोध
चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की ओर से यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने विरोध जताया।
संवाद सूत्र,बड़कोट : चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड की ओर से यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं तीर्थ पुरोहितों के साथ सोमवार को बड़कोट तहसील में हुई बैठक में तीर्थ पुरोहितों ने देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड का विरोध किया। बैठक में देवस्थानम बोर्ड के अधिकृत कर्मचारियों ने तीर्थ पुरोहितों को समझाने की कोशिश की। साथ ही तीर्थ पुरोहितों को इस एक्ट के बारे में बताया व उनके अधिकारों को लेकर भी उन्हें आश्वासन भी दिया, लेकिन तीर्थ पुरोहित नहीं माने।
तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि जब तक स्थानीय विधायक के साथ मुख्यमंत्री की ओर से तीर्थ पुरोहितों के साथ आमने- सामने बैठकर वार्ता नहीं की जाती और उन्हें उनके हक हकूकों को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं करते, तब तक वह देवस्थानम बोर्ड को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव एवं तीर्थ पुरोहित कृतेश्वर उनियाल ने कहा कि वे चाहते हैं कि स्थानीय विधायक के नेतृत्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री उनके साथ टेबल टॉक करके बैठक में देवस्थानम बोर्ड में तीर्थ पुरोहितों के हक हकूकों के बारे में बताया जाए। जिससे सभी तीर्थ पुरोहित इस एक्ट को अच्छे से समझ सकें और वे अपने हक हकूकों को बरकरार रखने को लेकर आश्वस्त हो सकें।
बैठक में यमुनोत्री मन्दिर समिति के अध्यक्ष/ एसडीएम चतर सिंह चौहान, सचिव कृतेश्वर उनियाल, उपाध्यक्ष जगमोहन उनियाल, प्रवक्ता भागेश्वर उनियाल कोषाध्यक्ष श्याम सुन्दर उनियाल, पंच पंडा समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश, वरिष्ठ, विनोद, अनिल, मनमोहन, जयप्रकाश, सचितानन्द, नारायण, गजेन्द्र, राजस्वरूप उनियाल एवं देवस्थान बोर्ड के अधिकृत कर्मचारी अनुसूया प्रसाद व अन्य सदस्य शामिल रहे।