उत्तराखंड के पहाड़ों पर विकास का रियलिटी चेक! गंभीर बीमार महिला को डंडी-कंडी पर सड़क तक पहुंचाया
उत्तरकाशी के पोखरी गांव में सड़क सुविधा के अभाव से ग्रामीण परेशान हैं। हाल ही में एक बीमार बुजुर्ग महिला ...और पढ़ें
HighLights
पोखरी गांव में सड़क न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी
बीमार नत्थी देवी को डंडी-कंडी से मुख्य सड़क तक पहुंचाया
ग्रामीणों ने सड़क की मांग पूरी न होने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित पोखरी गांव में सड़क सुविधा का अभाव आज भी ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है।
गांव में किसी के बीमार पड़ने या आपात स्थिति आने पर अस्पताल तक पहुंचना आसान नहीं होता। इसकी पीड़ा उस समय फिर सामने आई, जब 67 वर्षीय नत्थी देवी की तबीयत बिगड़ने पर ग्रामीणों को उन्हें डंडी-कंडी के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ा।
बुधवार सुबह जमुन सिंह राणा की पत्नी नत्थी देवी को पक्षाघात(स्ट्रोक) आने की आशंका के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाना चाहते थे, लेकिन गांव तक सड़क न होने के कारण वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
ऐसे में ग्रामीणों ने डंडी-कंडी का सहारा लिया और बुजुर्ग महिला को कठिन रास्ते से पैदल उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। वहीं, जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित महिला को हायर सेंटर भेजे की सूचना है।
यह घटना केवल एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि पोखरी गांव के उन सभी लोगों की बेबसी को बयां करती है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर बीमारी और आपातकाल तक में सड़क के अभाव का सामना करना पड़ता है। गांव जिला मुख्यालय के इतने करीब है, लेकिन सड़क सुविधा न होने से दूरी कम होने के बावजूद मुश्किलें कम नहीं होतीं। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण है।
ग्राम प्रधान जितेन्द्र सिंह कैन्तुरा का कहना है कि वर्ष 2004 से गांव को सड़क से जोड़ने की मांग उठाई जा रही है। इसे लेकर वर्ष 2018 में कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन भी किया गया था। सड़क की मांग को लेकर मंत्री-विधायक को भी कई बार पत्र लिखा गया है। लेकिन आश्वासन ही मिल रही हैं। कहा कि जल्द गांव को सड़क से नहीं जोड़ा गया तो वह आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।