विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गंगोत्री हाईवे: जलभराव की समस्या हल किए बिना डामरीकरण की तैयारी

By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
Published: Sat, 07 Jun 2025 07:00 PM (GMT+05:30)

जिला मुख्यालय में गंगात्री हाईवे पर जल भराव की समस्या का निस्तारण किए बिना डामरीकरण की तैयारी है। लेकिन अभी भी हाईवे पर लंबे समय से जल भराव की समस्या वाले क्षेत्रों में जल भराव की समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है। ज्ञानसू पशु अस्पताल के निकट तो वर्ष 2013 के बाद से बनी हुई है जहां एक बार बीआरओ ने लाखों रुपए खर्च कर टाइलें भी बिछायी थी।

एक सप्ताह पूर्व खांसी-जुकाम के लक्षण पर लिए गए थे 30 घोड़े-खच्चरों के सैंपल. Jagran
एक सप्ताह पूर्व खांसी-जुकाम के लक्षण पर लिए गए थे 30 घोड़े-खच्चरों के सैंपल. Jagran

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। जिला मुख्यालय में गंगात्री हाईवे पर जल भराव की समस्या का निस्तारण किए बिना डामरीकरण की तैयारी है। जबकि डीएम डा.मेहरबान सिंह बिष्ट ने बीआरओ व नगर पालिका को डामरीकरण से पहले ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के निर्देश दिये थे। लेकिन ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के नाम पर बीआरओ ने केवल नाली की सफाई कर इतिश्री कर ली है।

दरअसल, लंबे इंतजार के बाद जिला मुख्यालय में ज्ञानसू से गंगोरी तक पांच किमी दायरे में डामरीकरण की तैयारी है। शनिवार को डामरीकरण से पहले बीआरओ की ओर से डामरीकरण कार्य के लिए अनुबंधित ठेकेदार कंपनी ने ज्ञानसू क्षेत्र में गड्ढ़ों का भरान शुरु किया। लेकिन अभी भी हाईवे पर लंबे समय से जल भराव की समस्या वाले क्षेत्रों में जल भराव की समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है।

इनमें ज्ञानसू क्षेत्र में ही साल्ड बैंड के पास, ज्ञानसू महर्षि विद्या मंदिर के निकट, ज्ञानसू पशु अस्पताल के निकट, इंडेन गैस गोदाम से पहले, बाजार पेट्रोल पंप के निकट तथा उजेली क्षेत्र में दो जगहों समेत करीब सात स्थानों पर जलभराव की समस्या है। ज्ञानसू पशु अस्पताल के निकट तो वर्ष 2013 के बाद से बनी हुई है, जहां एक बार बीआरओ ने लाखों रुपए खर्च कर टाइलें भी बिछायी थी।

बावजूद इसके जल समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है। यहां पानी की निकासी के नालों पर अतिक्रमण कर भवन निर्माण से समस्या गंभीर होती जा रही है। आलम ये है कि हल्की सी वर्षा में भी यहां पर जल भराव हो जाता है, जिस कारण लोगों को पैदल आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा का कहना है कि उनकी ओर से जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल भराव की समस्या वाले क्षेत्रों में सोख्ता पिटों का निर्माण कर इस समस्या का निस्तारण करने का अनुरोध किया गया था। लेकिन इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि बिना जल निकासी का इंतजाम किये डामरीकरण किया जाता है तो इससे करोड़ों रुपये की बर्बादी होगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।