उत्तरकाशी में अस्पताल-स्कूल-कोर्ट से 100मी. का दायरा अब साइलेंस जोन, लाउडस्पीकर-डीजे-हॉर्न पर प्रतिबंध
उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और न्यायालयों के 100 मीटर दायरे को साइलेंस जोन घोषित करने के निर्देश दिए हैं।

रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध लागू रहेंगे।
HighLights
अस्पतालों, स्कूलों, कोर्ट के 100 मीटर दायरे में साइलेंस जोन।
लाउडस्पीकर, डीजे, वाहनों के हार्न पर रहेगा सख्त नियंत्रण।
रात 10 से सुबह 6 बजे तक ध्वनि प्रतिबंध लागू।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। जनपद में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और न्यायालय परिसरों के आसपास ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने इन संस्थानों के चारों ओर न्यूनतम 100 मीटर क्षेत्र को साइलेंस जोन घोषित करने को लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
लाउडस्पीकर, डीजे और वाहनों के अनावश्यक हार्न पर भी नियंत्रण रखा जाएगा। डीएम ने एसपी व सभी एसडीएम से सरकारी व निजी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और न्यायालय परिसरों की सूची तैयार कर निगरानी करने को कहा है। लाउडस्पीकर और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणालियों के इस्तेमाल के लिए सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति जरूरी होगी।
रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंधों का पालन कराया जाएगा। पुलिस अनावश्यक हार्न और ध्वनि उपकरणों के अनधिकृत इस्तेमाल पर कार्रवाई करेगी। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन, पुलिस और स्थानीय निकाय जनजागरूकता अभियान भी चलाएंगे।