विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तरकाशी के जोशियाड़ा में 'नाट फार रिटेल सेल' सीमेंट की अनाधिकृत खेप उतारी गई, बीआरओ वाहन पर उठे सवाल

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:33 PM (IST)

उत्तरकाशी के जोशियाड़ा में एक टिप्पर वाहन से 'नाट फार रिटेल सेल' लिखे सीमेंट के कट्टे अनाधिकृत रूप से उतारे ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। शहर के जोशियाड़ा मोटरपुल के निकट एक टिप्पर वाहन से नाट फार रिटेल सेल लिखे सीमेंट के कट्टों की खेप उतारे जाने का मामला सामने आया है। यह काम सुबह तड़के अंधेरे में हुआ, टिप्पर वाहन आया और डाला ऊपर कर सीमेंट के कट्टे गिरा कर चला गया।

इससे सीमेंट के अनाधिकृत इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर, बीआरओ के कमांडर का कहना है कि मामले की जांच करवाई जा रही है। जोशियाड़ा के स्थानीय निवासी शरद रावत ने बताया कि बुधवार को वह जिम जाने के लिए घर से निकले थे।

इस दौरान करीब साढ़े चार बजे नीले रंग का टिप्पर वाहन जोशियाड़ा मोटरपुल तिराहे पर डाले से सीमेंट के कट्टे गिराता दिखा।अक्सर सीमेंट की लोडिंग व अनलोडिंग में श्रमिक एक-एक कर कट्टे उतारते हैं, लेकिन यहां डाला ऊपर कर कट्टे गिराने से शक गहराया।

उन्होंने दावा किया कि वाहन का नंबर भी सरकारी था, जिसके बीआरओ के होने का पता चला है। बता दें कि जोशियाड़ा मार्ग राज्य मार्ग है, ऐसे में बीआरओ के यहां सीमेंट के कट्टे उतारे जाने का भी कोई मतलब नहीं बनता है।

इसे बीआरओ के अधिकारियों ने भी स्वीकार किया है। ऐसे सवाल उठता है कि बीआरओ को सीमेंट के कट्टों की खेप उतारनी थी तो गंगोत्री हाईवे पर उतारता, जहां लंबे समय से गड्ढों को भी भरे जाने की जरूरत है।

बयान

बीते मंगलवार को तीन वाहन ऋषिकेश से सीमेंट की खेप लेकर आए थे। मामले की सूचना पर यहां दोनों यूनिटों को सूचित कर सीमेंट का स्टाक चेक करवाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज लेने का भी प्रयास कर रहे हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी, जरूरत पड़ने पर मुकदमा भी दर्ज करवाया जाएगा।

राजकिशोर, कमांडर बीआरओ

बयान

सूचना पर मौके पर पुलिस कर्मी भेजे गए थे, जिसमें पता चला कि सीमेंट बीआरओ के वाहन से उतरा था। इस पर संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया था।

दिनेश कुमार, कोतवाल उत्तरकाशी

यह भी पढ़ें- उत्तरकाशी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, चारधाम यात्री दंपती संक्रमित