मोरी बाजार में 15 दिन का स्वत: लॉकडाउन
मोरी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत है।
संवाद सूत्र, पुरोला : मोरी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों से व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत है। जिसके चलते व्यापार मंडल मोरी ने निर्णय लिया है कि मोरी बाजार में 28 जुलाई से अगले 12 अगस्त तक 15 दिन का लॉकडाउन रहेगा। केवल आवश्यक सेवाओं के प्रतिष्ठान ही खुले रहेंगे।
मंगलवार से व्यापारियों ने मोरी बाजार में लॉकडाउन शुरू कर दिया है। व्यापारियों की ओर से जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान को ज्ञापन भेजा गया। इसके साथ ही व्यापारियों ने उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी के साथ बैठक की। व्यापारियों ने सतलुज जल विद्युत परियोजना और जेपी कंपनी पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। व्यापारियों ने कहा कि विभिन्न राज्यों से आने वाले कंपनी के मजदूर बिना क्वारंटाइन के सीधे काम में जुट रहे हैं। बाद में वहीं कोरोना पॉजिटिव आ रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि उन्होंने आम सहमति से लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। उनकी प्रशासन से मांग है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराया जाए।
व्यापारियों ने कहा कि मोरी क्षेत्र का दुर्भाग्य है कि यहां अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-19 की सैंपलिग की व्यवस्था तक नहीं की है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की है कि मोरी में चिकित्सकों की टीम भेजी जाए। साथ ही संदिग्धों में कोरोना संक्रमण जांच के लिए उनके सैंपल लिए जाएं।
इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष महावीर राणा, महामंत्री मुकेश, राजेन्द्र रावत, दुर्गेश्वर लाल, गुमान सिंह पंवार, अनिल पंवार, प्रदीप डोभाल आदि मौजूद थे।
परियोजना क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है। साथ ही आने-जाने वालों की जांच की जा रही है। कंपनी के 50-50 श्रमिकों के प्रतिदिन सैंपल लिए जा रहे हैं।
सोहन सिंह सैनी, उपजिलाधिकारी, उत्तरकाशी