उत्तरकाशी के पंवाणी में आवासीय मकानों में लगी भीषण आग, राहत टीमें रवाना
उत्तरकाशी के सीमांत मोरी विकासखंड की पंवाणी ग्राम पंचायत में आवासीय मकानों में भीषण आग लग गई है।

HighLights
पंवाणी ग्राम पंचायत में आवासीय मकानों में भीषण आग लगी।
जिला प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव टीमें भेजीं।
अग्निशमन दल सहित अन्य टीमें घटनास्थल पर रवाना।
जासं, उत्तरकाशी। जनपद के सीमांत विकासखंड मोरी की ग्राम पंचायत पंवाणी में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। आग की चपेट में कई आवासीय भवन आ गए हैं। स्थानीय विधायक दुर्गेश लाल की ओर से इंटरनेट मीडिया पर जारी वीडियो में एक ग्रामीण करीब 30 परिवारों के प्रभावित होने की बात कह रहा है।
वीडियो में पांच से सात गैस सिलिंडर फटने की सूचना भी दी गई है। फिलहाल आग पर काबू नहीं पाए जाने की बात सामने आई है। विधायक दुर्गेश लाल ने कहा कि अग्निकांड की सूचना जिला प्रशासन को दी है, जिसके बाद प्रशासन की ओर से अग्निशमन विभाग सहित राहत एवं बचाव से जुड़ी टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है।
दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव दल के पहुंचने और आग पर काबू पाने की स्थिति पर नजर बनी हुई है। विधायक दुर्गेश लाल ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने की अपेक्षा जताई है।